बिहार के बेतिया जिले में पति की दूसरी शादी की भनक लगते ही दो परिवारों के बीच ऐसा खूनी संग्राम छिड़ा कि पूरा इलाका दहल उठा. शादी के महज डेढ़ साल बाद ही दामाद के दूसरी शादी रचाने की खबर पाकर जब लड़की पक्ष के लोग मामले को सुलझाने ससुराल पहुंचे, तो उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया. इस हिंसक झड़प में मायके पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जबकि हमलावरों ने उनकी गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
ADVERTISEMENT
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
यह पूरा विवाद बेतिया के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रमपुरवा महनवा पंचायत के वार्ड संख्या-11 का है. जानकारी के मुताबिक, यहां के निवासी रामकिशुन शाह के पुत्र ओमप्रकाश शाह की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नौतन थाना क्षेत्र के खलवा गहिरी निवासी अजीत शाह की पुत्री अंजनी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर अंजनी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे. इतना ही नहीं, पति की ओर से उसे आए दिन घर से निकालने और दूसरी शादी करने की धमकियां भी दी जाती थीं.
बातचीत करने पहुंचे मायके वालों पर बरसीं लाठियां
इसी बीच शनिवार को अंजनी के मायके वालों को सूचना मिली कि ओमप्रकाश दूसरी शादी करने की तैयारी में है. इस खबर की सच्चाई जानने और बातचीत के जरिए पारिवारिक विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से लड़की पक्ष के लोग रमपुरवा महनवा स्थित ससुराल पहुंचे. परिजनों के पहुंचते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. आरोप है कि बातचीत के दौरान पहले तीखी नोकझोंक शुरू हुई और देखते ही देखते लड़का पक्ष के लोग आक्रामक हो गए. उन्होंने मायके वालों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई.
वाहन में की गई तोड़फोड़, आरोपी घर छोड़कर फरार
मारपीट के दौरान दबंगों ने लड़की पक्ष के वाहन को भी नहीं बख्शा और ईंट-पत्थर व डंडों से मारकर गाड़ी के शीशे चकनाचूर कर दिए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय डायल-112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. फिलहाल पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच व कार्रवाई की जा रही है.
पटना में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा, गंगा में डूबे चार युवक, एक को बचाया गया, तीन की तलाश जारी
ADVERTISEMENT


