पटना में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा, गंगा में डूबे चार युवक, एक को बचाया गया, तीन की तलाश जारी
Puja Accident: छठ महापर्व के पावन अवसर पर पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया. गंगा नदी में स्नान करने उतरे चार युवक गहरे पानी में डूब गए. एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में छठ महापर्व के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यहां के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर घाट पर गंगा में स्नान करने और सूर्यदेव को अर्घ्य देने के दौरान चार युवक गहरे पानी में जाने की वजह से डूब गए. खबर लिखे जाने तक इनमें से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि तीन युवक अब भी लापता हैं. उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
छठ पूजा के दौरान गंगा में डूबे चार युवक
दरअसल, लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट पर पहुंचे थे. इसी दौरान चार युवक गंगा नदी में स्नान करने और सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए उतरे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान चारों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों ने युवकों को डूबता देख शोर मचाया. इसके बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने उन्हें बचाने के लिए तुरंत प्रयास शुरू किए. हादसे की खबर फैलते ही घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई.
एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से एक युवक को गंगा से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. हालांकि, बाकी तीन युवक अब भी लापता हैं. घटना के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
SDRF की टीम और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. तीनों लापता युवकों को खोजने के लिए गंगा नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है. इसके लिए एसडीआरएफ की विशेष टीम के साथ पेशेवर गोताखोरों को भी लगाया गया है. रेस्क्यू टीम लगातार नदी में लापता युवकों की तलाश कर रही है. प्रशासन की निगरानी में बचाव अभियान जारी है. फिलहाल तीनों युवकों के मिलने का इंतजार किया जा रहा है.
