भोजपुर में CM सम्राट चौधरी ने सिविल सर्जन को लगाई क्लास, बोले- आपका ही विकेट गिर जाएगा

इन्द्र मोहन

• 01:56 PM • 24 Sep 2026

भोजपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सिविल सर्जन को स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जमकर फटकार लगाई. सीएम सम्राट चौधरी ने सख्त लहजे में कहा- लापरवाही हुई तो आपका ही विकेट गिर जाएगा. बैठक के दौरान सीएम ने अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया.

samrat choudhary
samrat choudhary
Google CTA

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को भोजपुर के जगदीशपुर पहुंचे. बाबू वीर कुंवर सिंह के ऐतिहासिक किला परिसर में उन्होंने अलग-अलग सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का जायजा लिया और अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली. इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर हुई बातचीत का एक हिस्सा चर्चा में आ गया, जब मुख्यमंत्री ने भोजपुर के सिविल सर्जन को सार्वजनिक तौर पर कड़ी नसीहत दे दी.

Read more!

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर पहुंचे CM

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जब स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर पहुंचे तो उन्होंने जिले में चल रही स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों में हो रहे ऑपरेशन की जानकारी ली. अधिकारियों की ओर से उन्हें बताया गया कि पहले की तुलना में अब ऑपरेशन की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. बताया गया कि अस्पताल में पहले के मुकाबले करीब तीन गुना ज्यादा ऑपरेशन हो रहे हैं. इस पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्यकर्मियों के काम की सराहना की और स्वास्थ्य सेवाओं में इसे और आगे ले जाने की बात कही.

ऑपरेशन बढ़ाने की बात पर शुरू हुई बातचीत

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि ऑपरेशन की संख्या में और बढ़ोतरी होनी चाहिए. बातचीत के दौरान मरीजों के रेफरल से जुड़ा मुद्दा भी सामने आया. इसी दौरान भोजपुर के सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने रेफरल को लेकर अपनी बात रखी. उनकी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें सार्वजनिक तौर पर सावधान करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने सिविल सर्जन से कहा, "ऐसा नहीं होना चाहिए नहीं तो आपका ही विकेट गिर जाएगा!"

CM की बात सुनकर अधिकारी भी रह गए सतर्क

मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी कुछ पल के लिए असहज नजर आए. मुख्यमंत्री ने हालांकि इसके बाद माहौल को हल्का किया और मुस्कुराते हुए वहां से आगे बढ़ गए. मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी का सीधा संदर्भ प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी से जुड़ा नजर आया. उनका जोर इस बात पर था कि मरीजों को बेहतर इलाज मिले और जरूरत से ज्यादा रेफरल की स्थिति न बने.

जगदीशपुर दौरे में विकास कार्यों का भी लिया जायजा

सम्राट चौधरी का यह दौरा सिर्फ स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने जगदीशपुर स्थित वीर कुंवर सिंह किला-संग्रहालय का निरीक्षण किया और ऐतिहासिक स्थल से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी दी. दौरे के दौरान जगदीशपुर में वीर कुंवर सिंह की 80 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की गई. इसके लिए झांझरिया तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद प्रतिमा स्थापित करने की योजना बताई गई है.

स्वास्थ्य व्यवस्था पर CM का फोकस

भोजपुर में सिविल सर्जन को दी गई सार्वजनिक नसीहत के जरिए मुख्यमंत्री ने यह संकेत दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदर्शन के साथ-साथ मरीजों को स्थानीय स्तर पर इलाज उपलब्ध कराने और रेफरल व्यवस्था पर भी प्रशासनिक निगरानी रखी जा रही है. जगदीशपुर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सामने स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियां रखी गईं, लेकिन इसी दौरान रेफरल से जुड़ी बातचीत ने पूरा ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सिविल सर्जन को दिया गया "विकेट गिरने" वाला बयान अब इसी वजह से चर्चा में है.