भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज निर्माता रत्नाकर कुमार की बहुचर्चित आगामी फिल्म केवट का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है. लगभग 3 मिनट 15 सेकेंड लंबे इस ट्रेलर को वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिशियल यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है. रिलीज होते ही फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है. ट्रेलर में भोजपुरी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री माही श्रीवास्तव अपने सशक्त अभिनय, भावुक दृश्यों और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं.
ADVERTISEMENT
इमोशन और मजबूत सामाजिक संदेश का बेजोड़ संगम
फिल्म केवट के निर्माण को लेकर निर्माता रत्नकर कुमार ने बताया कि यह महज एक मनोरंजन पर आधारित व्यावसायिक फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें मजबूत सामाजिक सरोकार और पारिवारिक रिश्तों की संवेदनशील कहानी को पिरोया गया है.
निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा:
फिल्म की कहानी, कलाकारों के जीवंत अभिनय और कर्णप्रिय संगीत के जरिए हमने दर्शकों को एक नया अनुभव देने का प्रयास किया है. ट्रेलर को जिस तरह से सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे हमारी पूरी टीम बेहद उत्साहित है. माही श्रीवास्तव समेत फिल्म के सभी कलाकारों ने अपने किरदारों में ढलने के लिए कड़ी मेहनत की है. हमें पूरी उम्मीद है कि 'केवट' भोजपुरी सिनेमा में एक नया मानक स्थापित करेगी.
निर्देशन और कहानी में दिखा कसाव
फिल्म के निर्देशक अनंजय रघुराज ने कहा कि ‘केवट’ की पटकथा और संवादों पर विशेष काम किया गया है ताकि दर्शक कहानी से सीधे भावनात्मक रूप से जुड़ सकें. उन्होंने बताया कि फिल्म में सामाजिक ताने-बाने और मानवीय संवेदनाओं को बेहद मनोरंजक अंदाज में परदा-ए-सीम पर उतारा गया है. फिल्म का कथा-लेखन राकेश त्रिपाठी ने किया है.
मजबूत स्टारकास्ट और तकनीकी पक्ष
फिल्म 'केवट' में मुख्य अभिनेत्री माही श्रीवास्तव के अलावा पवन पांडेय, संदीप यादव, रितम श्री, राजेश तोमर, योगेश पांडेय, राकेश त्रिपाठी, ऐश्वर्या शर्मा, ऋषभ राजपूत और राजन कानू जैसे अनुभवी कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं. ट्रेलर के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अब भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के बीच फिल्म केवट की बड़े पर्दे पर रिलीज को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है.
ADVERTISEMENT


