बिहार में मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा के दौरान आए दिन ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं जो प्रशासन के दावों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर देती हैं. ताजा मामला बेगूसराय जिले के बलिया स्थित एक उच्च विद्यालय का है, जहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक छात्र अपनी बहन (छात्रा) को परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचाने के लिए जान जोखिम में डालकर 20 फीट ऊंची दीवार फांदता नजर आ रहा है.
ADVERTISEMENT
देर होने पर दीवार फांदने का हैरतअंगेज फैसला
वीडियो में देखा जा सकता है कि परीक्षा केंद्र का मुख्य दरवाजा बंद हो जाने के बाद, एक छात्रा परीक्षा देने के लिए परेशान थी. समय से थोड़ी देरी होने के कारण उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली. ऐसे में एक युवक, जो संभवतः उसका भाई बताया जा रहा है, ने छात्रा को अंदर पहुंचाने के लिए स्कूल की लगभग 20 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ने का फैसला किया. युवक पहले खुद दीवार पर चढ़ा और फिर ऊपर से हाथ बढ़ाकर छात्रा को खींचने की कोशिश करने लगा.
स्टंटबाजी और लोगों का समर्थन
हैरानी की बात यह है कि इस खतरनाक स्टंट के दौरान नीचे खड़े लोग युवक को रोकने के बजाय उसे 'शाबाश' कहकर प्रोत्साहित कर रहे थे. कुछ लोग नीचे से युवक का पैर पकड़कर उसे सहारा दे रहे थे तो कुछ कमर पकड़कर उसे ऊपर चढ़ाने में मदद कर रहे थे. ऐसा लग रहा था मानो वहां पढ़ाई से ज्यादा स्टंटबाजी की ट्रेनिंग चल रही हो. युवक ने कड़ी मशक्कत के बाद छात्रा का हाथ थामा और उसे दीवार के उस पार सुरक्षित उतार दिया. इस पूरे वाकये के दौरान नीचे खड़े लोगों ने शोर मचाकर जीत जैसा जश्न मनाया.
प्रशासन की सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल
बेगूसराय के बलिया का यह वीडियो न केवल परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि छात्र और उनके परिजन प्रशासन के नियमों को कितनी गंभीरता से लेते हैं. इस वायरल वीडियो ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या छात्र प्रशासन और पुलिस को कोई चुनौती नहीं मानते? हालांकि छात्र-छात्राओं का परीक्षा के प्रति यह जज्बा तारीफ के काबिल है, लेकिन जान जोखिम में डालकर दीवार फांदना किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता है.
अन्य जिलों से भी आ रही हैं ऐसी तस्वीरें
सिर्फ बेगूसराय ही नहीं, बल्कि बिहार के अन्य जिलों से भी दीवार फांदने और खिड़कियों के सहारे चीटिंग या प्रवेश की तस्वीरें सामने आ रही हैं. यह वीडियो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे भाई का अपनी बहन के प्रति समर्पण बता रहे हैं, तो कुछ इसे नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाना कह रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

