बिहार कैबिनेट विस्तार: सम्राट चौधरी की नई टीम में विजय सिन्हा का क्या होगा? PM मोदी से मुलाकात के बाद इन पदों पर चर्चा तेज

Vijay Sinha role Bihar: बिहार कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. सम्राट चौधरी की नई टीम में विजय सिन्हा की भूमिका पर सस्पेंस बना हुआ है. नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मुलाकात के बाद स्पीकर पद, संगठन या कैबिनेट में उनकी एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. जानिए बिहार की राजनीति का पूरा समीकरण.

Bihar cabinet expansion
Bihar cabinet expansion

इन्द्र मोहन

follow google news

बिहार में सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली नई बीजेपी सरकार के गठन के बाद अब सबकी नजरें कैबिनेट विस्तार पर टिकी हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीते कल यानी 21 अप्रैल को ही में दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा है कि यहां बिहार कैबिनेट विस्तार की पूरी पटकथा लिख दी गई है. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को इस नई व्यवस्था में कहां फिट किया जाएगा. तो आइए विस्तार से जानते है पूरी बात.

Read more!

सम्राट चौधरी वर्सेस विजय सिन्हा: क्या है पेंच?

सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के बीच रिश्तों को लेकर अक्सर मीडिया में खबरें आती रही हैं. हाल ही में भूमि एवं राजस्व विभाग के उन कर्मचारियों का निलंबन रद्द कर दिया गया, जिन्हें विजय सिन्हा ने मंत्री रहते हुए निलंबित किया था. इसे दोनों नेताओं के बीच की 'अदावत' से जोड़कर देखा जा रहा है. अब जब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन चुके हैं और विजय सिन्हा उनके विधानमंडल दल के नेता के प्रस्ताव पर आगे बढ़े हैं, तो यह सवाल अहम है कि क्या विजय सिन्हा उनके कैबिनेट में मंत्री बनेंगे?

विजय सिन्हा के लिए क्या हैं विकल्प?

विजय सिन्हा पहले उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं. यदि वे अब केवल मंत्री बनते हैं, तो उनका पद नीचे हो जाएगा. ऐसे में उन्हें 'मैनेज' करने के लिए दो प्रमुख पदों की चर्चा है:

बिहार विधानसभा स्पीकर: विजय सिन्हा पहले भी इस पद पर रह चुके हैं. यह पद गरिमापूर्ण है और इसमें मुख्यमंत्री को भी उनका सम्मान करना होता है. हालांकि, जेडीयू भी इस पद के लिए दबाव बना रही है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष: चर्चा यह भी है कि उन्हें संगठन की कमान दी जा सकती है, लेकिन बीजेपी ने हाल ही में संजय सरावगी को यह जिम्मेदारी दी है, इसलिए इतनी जल्दी बदलाव की संभावना कम है.

सम्राट की कैबिनेट में 30% नए चेहरे

सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी की नई कैबिनेट में बीजेपी के कोटे से लगभग 30% नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं. यदि बीजेपी के कोटे से 15-16 मंत्री बनते हैं, तो उनमें से 4-5 बिल्कुल नए और युवा चेहरे होंगे. सम्राट चौधरी एक ऐसी टीम बनाना चाहते हैं जो अनुभव और ऊर्जा का मिश्रण हो, ताकि वे नीतीश कुमार के शासनकाल से बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

कब होगा विस्तार?

माना जा रहा है कि जिन राज्यों में अभी चुनाव चल रहे हैं, उनके नतीजे आने के तुरंत बाद बिहार में एक भव्य कार्यक्रम के साथ कैबिनेट विस्तार किया जाएगा. इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की भी उम्मीद है.

बिहार कैबिनेट विस्तार से पहले नीतीश कुमार की नई चाल से BJP की बढ़ी टेंशन! JDU ने रखी बड़ी मांग

    follow google news