बिहार के प्रशासनिक और पुलिस गलियारे से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है. राज्य सरकार ने उनके वीआरएस आवेदन को तत्काल प्रभाव से स्वीकार करते हुए उन्हें एक नई और बेहद अहम जिम्मेदारी सौंपी है. पूर्व डीजीपी विनय कुमार को बिहार का नया राज्य मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है.
ADVERTISEMENT
3 महीने के नोटिस नियम में छूट देकर VRS मंजूर
1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विनय कुमार ने 25 सितंबर 2026 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए सरकार को आवेदन दिया था. इसके अगले ही दिन, यानी 26 सितंबर 2026 को गृह विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर उनके आवेदन पर मुहर लगा दी.
सामान्य नियमों के मुताबिक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए 3 महीने पूर्व नोटिस देना अनिवार्य होता है. हालांकि, बिहार सरकार ने विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए अखिल भारतीय सेवा (मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति लाभ) नियमावली, 1958 के नियम 16(2) के तहत 3 महीने के कूलिंग-ऑफ पीरियड की शर्त को शिथिल कर दिया और उनके वीआरएस को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी.
राज्यपाल के आदेश से बने मुख्य सूचना आयुक्त
वीआरएस की अधिसूचना जारी होने के तुरंत बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने उनकी नई नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया. अधिसूचना के अनुसार, बिहार के राज्यपाल ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15(3) में निहित प्रावधानों के तहत सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक विनय कुमार को पद-ग्रहण करने की तिथि से राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है.1991 बैच के आईपीएस अधिकारी के रूप में लंबा और बेदाग प्रशासनिक अनुभव रखने वाले विनय कुमार अब राज्य सूचना आयोग की कमान संभालेंगे.
तिरहुत शिक्षक सीट पर 24 घंटे में जनसुराज का दूसरा दांव, श्याम नंदन यादव बने उम्मीदवार
ADVERTISEMENT


