बिहार में भ्रष्टाचार और अकूत संपत्ति जमा करने वाले अफसरों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर स्ट्राइक की है. इस बार EOU के निशाने पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार आए हैं. आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकंजा कसते हुए EOU की टीमों ने एक साथ कमलेश कुमार के वैशाली और पटना स्थित चार ठिकानों पर छापेमारी की है.
ADVERTISEMENT
103 फीसदी से अधिक की अवैध संपत्ति का मामला
EOU की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि महाप्रबंधक कमलेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से करीब 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति अर्जित की है. जांच एजेंसी के मुताबिक, यह राशि उनकी जायज कमाई से लगभग 103.30 प्रतिशत अधिक है. मामले की गंभीरता को देखते हुए EOU ने देर शाम एफआईआर दर्ज की और अगली ही सुबह छापेमारी का मास्टर प्लान लागू कर दिया.
4 प्रमुख ठिकानों पर एक साथ रेड, खंगाले जा रहे दस्तावेज
इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए दो दर्जन से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें बनाई गईं, जिन्होंने तड़के एक साथ निम्नलिखित ठिकानों पर दबिश दी:
- पैतृक आवास: वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय मैदान के पास बना पैतृक घर.
- पटना का फ्लैट: नॉर्थ एसके पूरी इलाके के रामकृष्ण पथ स्थित मनमोहन अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 302 (ब्लॉक C).
- राजीव नगर स्थित भवन: पटना के राजीव नगर (रोड नंबर 25C) में स्थित मेघा बिल्डिंग.
- सरकारी दफ्तर: पटना स्थित बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड में महाप्रबंधक तकनीकी का कार्यालय कक्ष.
कई अहम दस्तावेज बरामद, जांच जारी
छापेमारी के दौरान EOU की टीमें बैंक खातों, जमीन-जायदाद के कागजात, निवेश से जुड़े बॉन्ड और आभूषणों के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं. शुरुआती जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संदेहास्पद कागजात बरामद होने की सूचना है. आर्थिक अपराध इकाई इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि घोषित आय और वास्तविक संपत्तियों के बीच कितना बड़ा फासला है तथा इन संपत्तियों को खरीदने के लिए धन कहां से आया. EOU के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बरामद कुल संपत्ति और अन्य अहम सुरागों की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी.
कौन है नंदन यादव? जमुई कांड में नाम आने से लेकर एनकाउंटर तक, सामने आई आरोपी की पूरी कुंडली
ADVERTISEMENT


