प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने बिहार MLC चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों का किया ऐलान!

न्यूज तक डेस्क

20 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 20 2026 12:13 PM)

Bihar MLC Election 2026: प्रशांत किशोर की जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. पार्टी की ओर से जारी सूची में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव समेत सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार का नाम दिया गया है.

Bihar MLC Election 2026
Bihar MLC Election 2026(फाइल फोटो- प्रशांत किशोर)
Google CTA

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. पार्टी ने कुल 5 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. इनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार शामिल हैं. जनसुराज के इस लिस्ट के आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. इस लिस्ट में एसपी राय, दिव्या ज्योति और रजनीश रंजन जैसे दिग्गजों के नाम भी शामिल है. आइए विस्तार से जानते हैं जनसुराज ने किन-किन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे है.

Read more!

इन सीटों पर उतारे उम्मीदवार

जन सुराज की ओर से घोषित पांच उम्मीदवारों में:

  • दरभंगा शिक्षक- एसपी राय
  • दरभंगा स्नातक- रवींद्र यादव
  • सारण शिक्षक- अफाक अहमद
  • पटना शिक्षक- दिव्या ज्योति
  • कोसी स्नातक- रजनीश रंजन

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा रहे हैं. जन सुराज ने भी अब अपने पांच उम्मीदवारों के नाम सामने रख दिए हैं.

RJD ने 6 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

जन सुराज से पहले RJD ने 11 सितंबर को आठ में से छह सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की थी. पार्टी ने पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को मैदान में उतारा है. RJD ने अभी दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं.

JDU के कौन-कौन से नाम चर्चा में?

JDU की ओर से चार सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी की खबरें हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पटना स्नातक से नीरज कुमार और तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं. वहीं सारण शिक्षक से पुष्कर आनंद और दरभंगा शिक्षक से दिलीप चौधरी के नाम की भी चर्चा है. हालांकि, इन नामों को लेकर औपचारिक घोषणा का इंतजार बताया गया है.

पटना स्नातक सीट को लेकर JDU के अंदर भी राजनीतिक गतिविधियां चर्चा में हैं. नीरज कुमार की संभावित उम्मीदवारी के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने डॉ. अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया है.

आठ सीटों पर होना है चुनाव

बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों के लिए चुनाव होना है. इनमें पटना शिक्षक, पटना स्नातक, दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत शिक्षक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक और सारण शिक्षक सीटें शामिल हैं. इन सीटों को लेकर RJD और JDU के अलावा अन्य दल भी अपनी तैयारियों में जुटे हैं. ऐसे में जन सुराज की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने के बाद चुनावी मुकाबले में कई सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या बढ़ने की संभावना है.

अनंत सिंह ने लगाया नीरज कुमार पर बड़ा आरोप, कहा मेरे घर मांगकर AK-47...