बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर माहौल काफी गरमाया हुआ है. MLC चुनाव से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में गजब की खींचतान जारी है. मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और पटना स्नातक सीट से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे है. इस चुनाव में वो जन सुराज प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह का समर्थन कर रहे हैं और बीते कल उनके नामांकन में भी पहुंचे थे. इसी बीच जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि मामला केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के क्षेत्र का है और उन्हें बात करके इसे सुलझाने के लिए कहा गया है.
ADVERTISEMENT
संजय झा ने क्या-कुछ कहा?
JDU में जारी खींचतान के मामले को लेकर मीडिया से बातचीत में संजय झा ने कहा कि, 'ऐसा है कि बात पार्टी के संज्ञान में है और यह हम लोगों के केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जी के क्षेत्र का भी इश्यू है. पार्टी ने बात कर लिया है उनसे और उन्हीं को जवाबदेही दी है कि वो बात करके इसे सुलझाएं.'
कार्यकारी अध्यक्ष ने आगे कहा कि, 'साथ ही, जो मोकामा के विधायक है उनका भी अपना इश्यू है, जो विधानसभा चुनाव को लेकर हुआ था. इसलिए सारी बात को संज्ञान में लेते हुए पार्टी ने पार्टी ने माननीय केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जी को कहा है कि वे इस मुद्दे पर बात करके सुलझाएं, क्योंकि क्षेत्र भी उन्हीं का है. इससे मुझे लगता है कि रास्ता निकल जाएगा.'
अनंत सिंह कर रहें नीरज कुमार का खुला विरोध
बता दें कि विधान परिषद चुनाव के लिए जदयू ने पटना स्नातक सीट से अपने मुख्य प्रवक्ता और कद्दावर नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वहीं जन सुराज ने डॉ. अनुज कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है. अब अनंत सिंह जदयू के उम्मीदवार का खुला विरोध कर रहे है और अनुज कुमार सिंह का जबरदस्त समर्थन कर रहे है. हालांकि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच का यह विवाद काफी पुराना है. दोनों ही नेता पटना के बाढ़-मोकामा इलाके से ताल्लुक रखते हैं और कई मौकों पर एक-दूसरे पर सार्वजनिक तौर पर भी निशाना साधा है.
कब है चुनाव?
विधान परिषद यानी MLC चुनाव के लिए 29 सितंबर से ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. 6 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. इसके बाद 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम सामने आएंगे. वहीं अब अनंत सिंह के बागी तेवर के कारण पटना स्नातक पर चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है और अब देखना होगा कि 27 अक्टूबर को इस सीट पर कौन बाजी मारता है.
बिहार MLC चुनाव में महागठबंधन में दिखी रार, 4 सीटों पर आमने-सामने हुई कांग्रेस-राजद
ADVERTISEMENT


