बिहार में आगामी विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. 18 जून को होने वाले विधान परिषद के चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. शुक्रवार को जारी सूची में पार्टी ने चार नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है.
ADVERTISEMENT
भाजपा की ओर से जारी सूची में पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित के नाम शामिल हैं. पार्टी के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है. माना जा रहा है कि भाजपा ने सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है.
विधान परिषद चुनाव का पूरा शेड्यूल
भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, चुनाव की अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी हुई, जिसके बाद उम्मीदवार 8 जून तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, और इसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी. चुनाव आयोग ने 20 जून 2026 तक पूरी चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने का लक्ष्य रखा है.
किसके पास जाएंगी कितनी सीटें?
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी बाजार गर्म है. विधानसभा के मौजूदा अंकगणित के मुताबिक, 10 में से 9 सीटों पर एनडीए (NDA) की जीत तय मानी जा रही है, जबकि महज 1 सीट महागठबंधन के खाते में जाती दिख रही है. हालांकि, अगर वोटिंग के दौरान महागठबंधन के खेमे में जरा सा भी भीतरघात या खेल हुआ, तो उनका पूरी तरह सूपड़ा साफ हो सकता है और एनडीए सभी 10 सीटों पर कब्जा जमा सकती है.
ADVERTISEMENT


