बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे अपने पैर पसार रहा है और इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. पिछले कुछ दिनों तक राज्य में जहां मिला-जुला मौसम दिख रहा था, वहीं अब मौसम सुहावना हो रहा है. इसी बीच IMD ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक 16 जून को बिहार के 28 जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. खासकर सीमांचल क्षेत्र के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. विस्तार से जानिए मौसम के मिजाज की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
16 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार 16 जून को उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी हुई है.
किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट?
मौसम विभाग ने 16 जून के लिए भागलपुर, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी तथा उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
अगर तापमान की बात करें तो 16 जून को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं उत्तर बिहार और सीमांचल के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और आने वाले दिनों में राज्य के और हिस्सों में मानसून सक्रिय हो सकता है. 17 जून से 21 जून के बीच भी कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT


