बिहार में मानसून हुआ सक्रिय, 2 जुलाई को इन जिलों में होगी भारी बारिश और 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, अलर्ट जारी

Bihar Weather Update: बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है. मौसम विभाग ने 2 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है.

बिहार में 2 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में 2 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

follow google news

Bihar Monsoon Update: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. ऐसे में प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में बादलों के डेरा डालने से मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों के साथ-साथ बिहार में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. इससे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटों में भागलपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है. इसने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग ने ताजा अपडेट के मुताबिक 2 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में इससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और अधिक बदलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Read more!

बिहार में 2 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 2 जुलाई को बिहार के मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. राज्य के उत्तर-पश्चिम भागों में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है. तापमान की बात करें तो अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है. यहां दक्षिण-पश्चिम बिहार (जैसे बक्सर, भोजपुर, रोहतास और भभुआ) में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, वहीं उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य भागों में यह 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जिससे लोगों को तीखी धूप और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलती रहेगी.

2 जुलाई को इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 जुलाई को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश, बादल गरजने और बिजली चमकने की चेतावनी दी है. इसमें कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. इसके साथ ही अररिया, दरभंगा, किशनगंज, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर, सुपौल और वैशाली जिलों में भी बिजली चमकने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

मानसून की स्थिति और मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम प्रणाली की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय पोरबंदर, मिर्जापुर, आजमगढ़ और अयोध्या होते हुए गुजर रही है. उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास एक निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है. इस मानसूनी सिस्टम को देखते हुए मौसम विभाग ने सख्त चेतावनी जारी की है कि वज्रपात और भारी बारिश के दौरान जान-माल तथा पशुओं को नुकसान पहुंच सकता है. विभाग ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों या ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें, बल्कि सुरक्षित पक्के मकानों के अंदर रहें और जलजमाव वाले निचले इलाकों से दूर रहें.

आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल

आने वाले दिनों में बिहार के निवासियों को मानसून का असली रंग देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान चार्ट के अनुसार, 3 जुलाई से लेकर 5 जुलाई के बीच राज्य में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी. विशेष रूप से 4 जुलाई को अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिमी चंपारण में अत्यंत भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, जिसके लिए विशेष अलर्ट रहेगा. इसके बाद 5 जुलाई को औरंगाबाद, भभुआ, गया, नवादा और रोहतास जैसे दक्षिण-पश्चिम जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कुल मिलाकर आगामी एक सप्ताह तक पूरे बिहार में मानसूनी बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर होने वाली झमाझम बारिश से राज्य के सभी जिलों का तापमान नियंत्रित रहेगा.

यह भी पढ़ें: IPS Shobha Ohatkar: कौन हैं हंटर वाली मैडम शोभा ओहटकर? जिनके नाम से बिहार में कांप जाते थे बड़े-बड़े अपराधी

    follow google news