बिहार में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होती जा रही हैं. दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और इसका असर राज्य के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है. बीते 24 घंटों में भी राज्य के कई जिलों में मौसम सुहावना रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है जिसके मुताबिक, 17 जून को बिहार के कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की संभावना है. खास तौर पर सीमांचल और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
ADVERTISEMENT
17 जून का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 17 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. उत्तर बिहार, सीमांचल और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है. दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
किन जिलों में रहेगा बारिश का असर?
उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी वर्षा की संभावना जताई गई है.
इसके अलावा उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जिलों में भी एक-दो स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
तापमान का क्या रहेगा हाल?
17 जून को उत्तर-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. उत्तर-मध्य बिहार में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. वहीं दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के बिहार के और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. 18 जून से 22 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. मेघगर्जन के समय खुले स्थानों पर न रहें और तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लें. पेड़ों, बिजली के खंभों और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें. तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है. भारी बारिश वाले इलाकों में जलजमाव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


