बिहार के नवगछिया में गंगा नदी के बीच एक दर्दनाक और खौफनाक हादसा सामने आया है. नवगछिया के राघोपुर इलाके में करीब 21 मजदूरों से भरी एक नाव अचानक गंगा नदी की तेज धाराओं के बीच डूब गई. हादसे के वक्त मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई. नाव पर सवार 19 मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन 2 मजदूर अभी भी लापता हैं. पूरी घटना का एक भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाव धीरे-धीरे पानी में समाती हुई नजर आ रही है.
ADVERTISEMENT
तटबंध की मरम्मत के काम में लगी थी नाव
मिली जानकारी के अनुसार, नवगछिया के राघोपुर क्षेत्र में करीब दो दिन पहले गंगा नदी का तटबंध टूट गया था. टूटे हुए तटबंध को दोबारा मजबूत करने के लिए प्रशासन की ओर से रिस्टोरेशन का काम तेजी से चलाया जा रहा था. इस काम में सैकड़ों मजदूर लगे हुए थे और बालू व अन्य निर्माण सामग्री को नदी के रास्ते ही मौके तक पहुंचाया जा रहा था. बुधवार को बालू से भरी एक नाव मजदूरों को लेकर नदी में आगे बढ़ रही थी कि तभी अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते गंगा में समा गई.
ऊर्जा मंत्री के आवास के पास हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह हादसा जिस जगह पर हुआ, वह ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के आवास से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित है. तटबंध टूटने के बाद से ही इस इलाके में स्थिति संवेदनशील बनी हुई थी और मरम्मत का काम चल रहा था. घटना के समय गंगा नदी में तेज बहाव और करंट था, जिसके कारण नाव का संतुलन अचानक बिगड़ गया और नाव पर सवार मजदूरों ने अपनी जान बचाने के लिए गंगा नदी में छलांग लगा दी.
तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गई है. गंगा नदी में लापता हुए दो मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. हालांकि, नदी में गंगा का बहाव बहुत तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल बचाव टीम लगातार लापता मजदूरों की खोज में जुटी हुई है और मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


