बिहार के समस्तीपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में छठ महापर्व के दौरान एक चार साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि उसकी सगी मां पर ही लगा है, जिसने सिर्फ इसलिए अपनी गोद की बच्ची की जान ले ली क्योंकि उसने पूजा से पहले प्रसाद खा लिया था.
ADVERTISEMENT
छठ महापर्व की तैयारियों के बीच हुई खौफनाक वारदात
गांव में छठ महापर्व की धूम थी और परिवार के सभी सदस्य उत्सव की तैयारियों में जुटे हुए थे. दोपहर के वक्त घर के लोग घाट बनाने के लिए बाहर गए हुए थे, और घर पर सिर्फ आरोपी मां रीना कुमारी और चार साल की सुहानी मौजूद थी. इसी दौरान मासूम सुहानी की नजर पूजा के लिए तैयार किए जा रहे प्रसाद पर पड़ी. नासमझ बच्ची को नियमों की जानकारी नहीं थी और उसने जिद करके या बिना सोचे प्रसाद उठा कर खा लिया.
छोटी सी गलती बनी मासूम के लिए सजा-ए-मौत
प्रसाद झूठा होने की बात से मां रीना कुमारी इस कदर गुस्से में आ गई कि उसने अपनी ही बच्ची पर रहम नहीं खाया. आरोपी मां ने चार साल की सुहानी की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि बच्ची की तबीयत गंभीर हो गई. मासूम को यह समझ ही नहीं आया कि उसने ऐसा कौन सा बड़ा गुनाह कर दिया है जिसके लिए मां उसे इतनी दर्दनाक सजा दे रही है.
अस्पताल में तोड़ा दम, घर में पसरा मातम
पिटाई के बाद जब बच्ची की हालत बिगड़ने लगी, तो परिजनों के सहयोग से उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया. परिवार को उम्मीद थी कि उनकी बिटिया सुरक्षित बच जाएगी, लेकिन इलाज के दौरान सुहानी ने हमेशा के लिए दम तोड़ दिया. जिस घर में छठ के गीत गूंज रहे थे और सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मौत का मातम पसर गया.
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पूसा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है. साथ ही, बेरहम मां रीना कुमारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और हर कोई मां की इस क्रूरता की कड़ी निंदा कर रहा है.
यह भी पढ़े: निशांत को CM बनाने का ऑफर, क्या JDU फिर पलटेगी पाला? बिहार की बदली सियासत में क्यों आसान नहीं है राह
ADVERTISEMENT


