बिहार में 'पकड़ौआ विवाह' का मामला एक बार फिर सामने आया है. ताजा मामला खगड़िया जिले का है, जहां एक युवक घर से गाय खरीदने निकला था, लेकिन उसे क्या पता था कि रास्ते में उसकी शादी की स्क्रिप्ट पहले से लिखी जा चुकी है. युवक को जबरन पकड़कर पिस्तौल की नोक पर उसकी शादी करा दी गई. इस जबरन शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवक का नाम मन्यम कुमार है. मन्यम के मुताबिक, उसके गांव का ही एक व्यक्ति, जो गायों की दलाली करता है, उसे गाय दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था. रास्ते में उसे सिराजपुर गांव ले जाया गया. वहां कुछ युवकों ने पहले उसका मोबाइल छीन लिया और जब उसने भागने की कोशिश की, तो उसे पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई.
कट्टे की नोक पर सात फेरे
मन्यम ने आरोप लगाया कि करीब सात-आठ लड़कों ने उसे लात-घूंसों से पीटा और फिर जबरन एक घर में ले जाकर उसकी शादी करा दी. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़का शादी का विरोध कर रहा है, लेकिन वहां मौजूद महिलाएं और पुरुष जल्दी-जल्दी शादी की रस्में पूरी करवा रहे हैं. लड़के की कनपट्टी पर पिस्तौल सटाकर उसे डराया गया ताकि वह विरोध न कर सके.
"किसी भी सूरत में शादी मंजूर नहीं"
जबरन शादी के बाद मन्यम किसी तरह वहां से भागकर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. मन्यम ने साफ लफ्जों में कहा, 'मैं इस शादी को बिल्कुल नहीं मानता और न ही इसे कभी स्वीकार करूंगा. मेरे साथ धोखा हुआ है और मुझे जान से मारने की धमकी देकर यह सब कराया गया.'
पुलिस कर रही है जांच
युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. बिहार में पकड़ौआ विवाह की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, जहां लड़कों का अपहरण कर उनकी जबरन शादी करा दी जाती है. प्रशासन के दावों के बावजूद इस सामाजिक बुराई पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाई है.
यहां देखें वीडियो
इनपुट- स्वतंत्र कुमार, खगड़िया
यह खबर भी पढ़ें: Anant Singh: शपथ लेने के बाद सामने आया अनंत सिंह का नया वीडियो, दुलारचंद हत्याकांड पर कही ये बात
ADVERTISEMENT

