बिहार की सियासत में हलचल: आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर, कहा- साथ आएं, निशांत को बनाएंगे मुख्यमंत्री

पंकज कुमार

• 04:39 PM • 16 Nov 2026

औरंगाबाद से आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने नीतीश कुमार और जेडीयू को बड़ा राजनीतिक ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार महागठबंधन में लौटते हैं, तो लालू और तेजस्वी यादव मिलकर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाएंगे.

NewsTak
Google CTA

बिहार की राजनीति में एक बार फिर से बड़े सियासी उलटफेर और नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है. औरंगाबाद से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद अभय कुशवाहा ने जेडीयू और नीतीश कुमार को सीधा और बड़ा राजनीतिक ऑफर देकर सियासी पारा चढ़ा दिया है. गयाजी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान अभय कुशवाहा ने कहा कि अगर नीतीश कुमार फिर से आरजेडी के साथ आना चाहते हैं, तो उनका तहेदिल से स्वागत है और पार्टी उनके बेटे निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार है.

Read more!

'रोहिणी आचार्य ने चाचा कहा तो क्या गलत, वे हमारे भी अभिभावक'

रविवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने हाल ही में रोहिणी आचार्य द्वारा नीतीश कुमार को 'चाचा' कहे जाने वाले बयान का भी खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा कि अगर रोहिणी आचार्य ने उन्हें चाचा कहा है तो इसमें गलत क्या है, वे हमारे भी चाचा और अभिभावक समान हैं. अभय कुशवाहा ने पुरानी यादों का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह पहले लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने मिलकर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था, उसी तरह अगर वे फिर से साथ आते हैं तो लालू यादव और तेजस्वी यादव मिलकर निशांत कुमार को भी मुख्यमंत्री बनाएंगे.

चिराग पासवान और बीजेपी पर भी साधा निशाना

अपने बयान के दौरान अभय कुशवाहा ने चिराग पासवान और भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव हमेशा लोगों को आगे बढ़ाने और बनाने का काम करते हैं, हालांकि पद मिलने के बाद कई लोग इसे भूल जाते हैं. वर्ष 2009-10 का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि जब दिवंगत रामविलास पासवान के पास कुछ नहीं बचा था, तब लालू यादव ने ही उन्हें राज्यसभा भेजने का काम किया था. उन्होंने चिराग पासवान को नसीहत देते हुए कहा कि बयानबाजी करने से पहले उन्हें इतिहास को जान लेना चाहिए.

वोट शेयर और आगामी चुनावों को लेकर किया दावा

विधानसभा में आरजेडी की सीटों की संख्या को लेकर विरोधियों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए अभय कुशवाहा ने कहा कि सीटों की संख्या भले ही कम रही हो, लेकिन बिहार के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा वोट शेयर राष्ट्रीय जनता दल को ही दिया है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी खुद को सबसे बड़ी पार्टी बताती है, लेकिन बिहार में सबसे ज्यादा जनसमर्थन आरजेडी के पास है. इसके साथ ही उन्होंने भविष्य के चुनावों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है और वहां अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, जबकि 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे.

अभय कुशवाहा के इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है और अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जेडीयू की ओर से इस ऑफर पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.

बेटी शिवांगी की शादी के बीच चर्चा में आई अनंत सिंह की लव स्टोरी, जानिए नीलम देवी से कहां हुई थी उनकी पहली मुलाकात?