बिहार में बहुचर्चित टेंडर घोटाला मामले को लेकर स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शुक्रवार सुबह एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. भ्रष्टाचार के इस मामले में सूबे के दो निलंबित IAS अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की गई है. इस बड़ी कार्रवाई के तहत निलंबित आईएएस अधिकारी अभिलाषा शर्मा के पटना स्थित ऑफिसर्स फ्लैट पर विजिलेंस की टीम जांच करने पहुंची है. इसके साथ ही एक अन्य निलंबित आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर के पटना स्थित आवास पर भी सघन छापेमारी चल रही है.
ADVERTISEMENT
एटीएस की निगरानी में चल रही है पूरी कार्रवाई
इस छापेमारी की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी कार्रवाई ATS की कड़ी निगरानी और सुरक्षा घेरे में की जा रही है. अधिकारियों के आवास के बाहर एटीएस की टीम मुस्तैद है. जांच एजेंसी को इस मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है और छापेमारी के दौरान दोनों आईएएस अधिकारियों के ठिकानों से कई अहम और बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला करोड़ों रुपये के आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और बड़े पैमाने पर टेंडर मैनेज करने से जुड़ा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, जिन आईएएस अधिकारियों के घरों पर छापेमारी चल रही है, वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं.
रिशु श्री को रिमांड पर लेने के बाद हुआ बड़ा खुलासा
एसवीयू (SVU) की इस तेज कार्रवाई के पीछे टेंडर घोटाले के मुख्य आरोपी रिशु श्री की गिरफ्तारी और उससे पूछताछ को माना जा रहा है. दरअसल, जब एसवीयू की टीम ने रिशु श्री को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो इस पूरे नेक्सस का पर्दाफाश हुआ. पूछताछ में सामने आया कि ये आईएएस अधिकारी मिलकर रिशु श्री के टेंडर्स को मैनेज करवाने का काम करते थे. रिशु श्री की गिरफ्तारी के वक्त ही कई चौंकाने वाले खुलासे हुए थे, जिसमें पता चला था कि वह इन आईएएस अधिकारियों को खुश रखने के लिए उन्हें विदेश ट्रिप पर भेजा करता था. अधिकारियों को मिलने वाली इसी लग्जरी और फायदों के बदले रिशु श्री के सारे अवैध टेंडर आसानी से मैनेज कर दिए जाते थे.
रिशु श्री के करीबी पवन कुमार पर भी कसा शिकंजा
जांच एजेंसी ने केवल प्रशासनिक अधिकारियों तक ही अपने कदम नहीं रोके हैं, बल्कि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य किरदारों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. एसवीयू की टीम ने दोनों निलंबित आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ रिशु श्री के बेहद करीबी माने जाने वाले पवन कुमार के ठिकानों पर भी सुबह-सुबह दस्तक दी.
पवन कुमार के यहां भी फिलहाल छापेमारी और तलाशी की प्रक्रिया जारी है. रिशु श्री को रिमांड पर लेने के बाद से ही एसवीयू की कार्रवाई में लगातार तेजी आई है और पटना के अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. अब देखना बेहद दिलचस्प होगा कि स्पेशल विजिलेंस यूनिट की इस बड़ी कार्रवाई के बाद आने वाले दिनों में और कौन-कौन से बड़े चेहरे बेनकाब होते हैं.
यहां देखें वीडियो
रिशु श्री टेंडर घोटाले में बड़ा एक्शन! 3 बड़े अधिकारी गिरफ्तार, 11 करोड़ से ज्यादा की काली कमाई जब्त
ADVERTISEMENT


