Bihar weather forecast 2026: बिहार में इन दिनों मौसम के अलग तरह के रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां चैत्र की धूप अपने तीखे तेवरों दिखा रही है. वहीं दूसरी तरफ बादलों की लुका-छिपी ने मौसम में ठंडक बनाई हुई है. इस बीच अब मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार बिहार में नए महीने की शुरुआत बादलों और बुंदाबादी से होगी. हालांकि, ये सिर्फ कुछ ही जिलों तक सिमित रहेगा. इस अलावा अन्य जिलों में धूप देखने को मिलेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा. मौमस विभाग के अनुसार 6 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम रहने वाला है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 1 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
मौमस विभाग के अनुसार, आज यानी 1 अप्रैल को बिहार के कई जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के कैमूर, बक्सर और रोहतास जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है. वहीं राज्य के बाकी हिस्सों, जिनमें उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं. हालांकि, विभाग ने आज के लिए कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है, जिससे जनजीवन सामान्य बना रहेगा.
वहीं तापमान की बात करें तो प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. किशनगंज में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकांश जिलों में यह 20 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. अधिकतम तापमान के मोर्चे पर राहत मिलने की उम्मीद कम है. अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में पारे में 1-3 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने की संभावना है. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों जैसे पटना, गया, औरंगाबाद और नवादा में पारा 36 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे दोपहर के समय लू जैसे हालात बन सकते हैं.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा. 4 और 5 अप्रैल को कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार में फिर से छिटपुट वर्षा की संभावना है. वहीं, 6 अप्रैल को राज्य के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण और गोपालगंज जैसे उत्तर-पश्चिम जिलों में मेघ गर्जन और बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. आने वाले एक हफ्ते तक गर्मी का ग्राफ धीरे-धीरे ऊपर चढ़ेगा, इसलिए दोपहर में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


