Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, वहीं सुबह के वक्त कई इलाकों में कोहरा भी देखने को मिल रहा है. प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने अपना ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, कल राज्य के दो जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. ऐसे में आइए जानते हैं कि किन जिलों में बारिश हो सकती है और बाकी हिस्सों में मौसम कैसा रहेगा.
ADVERTISEMENT
बिहार में 11 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 नवंबर को बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. किशनगंज, कटिहार और भागलपुर में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है. ऐसे में सुबह के वक्त लोगों को मौसम में ठंडक महसूस होगी. हालांकि, खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने बिहार के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं क है.
बिहार में कितना रहा तापमान?
वहीं, प्रदेश में तापमान की बात करें तो फिलहाल राज्य में मानसूनोत्तर ऋतु का असर बना हुआ है. पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान अधिकतम तापमान 28.0 से 34.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.7 से 21.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. कैमूर जिले के भभुआ में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अरवल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 3 से 5 दिनों तक बिहार के अधिकांश जिलों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रह सकता है. इन इलाकों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. वहीं, सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. ऐसे में फिलहाल राज्य में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं, जबकि दिन के समय मौसम सामान्य बना रह सकता है.
यह भी पढ़ें: बिहार में छठ पूजा को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट: घाटों पर पटाखों और निजी नावों पर बैन, जानें गाइडलाइंस
ADVERTISEMENT


