Bihar Weather Today: बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने लगा है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से देश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर बिहार की मौसमी गतिविधियों पर पड़ने लगा है. पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी चंपारण और पूर्णिया जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश ने लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग ने 7 जून को भी राज्य के 27 जिलों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 7 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम के अनुसार, 7 जून को राज्य के उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व भागों के जिलों में मौसम का रुख बदला हुआ रहेगा. इन क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज आंधी चलने की प्रबल संभावना है. मॉनसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है और अगले दो से तीन दिनों में इसके और सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के आस-पास के इलाकों में बने ऊपरी हवा के साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने से मौसम सुहावना बना रहेगा.
7 जून को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 7 जून को बिहार के 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान यहां बादल गरजने, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, इनमें उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी शामिल हैं. इसके साथ ही उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा जिलों में भी ऐसा ही अलर्ट रहेगा. दक्षिण-मध्य बिहार के तहत राजधानी पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जिलों में भी एक-दो स्थानों पर आंधी-पानी को लेकर लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
वहीं आने वाले दिनों में बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है. इसमें 9 जून को अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया, सीतामढ़ी और सुपौल जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 10 जून को भी पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और सुपौल जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी रहेगा. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों के जिलों जैसे रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, गया और नवादा में भी 11 और 12 जून को तेज हवाओं के साथ बादल गरजने की स्थिति बनी रहेगी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं अशरफ अंसारी? जिन्हें LJP ने बनाया MLC का उम्मीदवार तो बढ़ी RLM नेता उपेंद्र कुशवाहा की टेंशन
ADVERTISEMENT


