Bihar 7 September weather update: मौसम के बदलते मिजाज के बीच बिहार में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. इससे लोगों को तेज धूप और गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बाढ ने कहर बरपाया हुआ है. प्रदेश में कई जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं. ऐसे में इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके मुताबिक, आने वाले दिनों में मानसूनी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बिहार के कई हिस्सों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. वहीं, 7 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 7 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 7 सितंबर को बिहार के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता देखने को मिलेगी. कई इलाकों में बाढ़ का कहर देखने काे मिल रहा है. उत्तर-पश्चिम बिहार (पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण) और उत्तर-मध्य बिहार (मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी) के जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है. वहीं, राज्य के उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने 7 सितंबर को भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए राज्य के कुल 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सुपौल शामिल हैं. इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के 7 अन्य जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघ गर्जन और वज्रपात (ठनका गिरने) की संभावना जताई गई है.
बाढ़ की चपेट में हैं कई जिलें
'आज तक' की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार में बाढ़ का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रदेश के 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे लाखों लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं. भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, अरवल और पटना में बाढ़ की वजह से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है.
बाढ़ के पानी से कई जगहों पर खेतों में खड़ी फसलें डूब गई हैं. वहीं, कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से कट गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. गंगा के साथ-साथ कोसी, गंडक और बागमती जैसी प्रमुख नदियां भी कई जगहों पर लाल निशान से ऊपर बह रही हैं.
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 34 टीमें प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव के काम में जुटी हैं. प्रशासन की टीमें भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. 8 सितंबर को गोपालगंज, सिवान और पश्चिमी चंपारण जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के अधिकांश जिलों में गरज के साथ छींटे पड़ेंगे. इसके बाद 9 और 10 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों (जैसे पटना, गया, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर) में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: चेहरा मॉडल जैसा... काम गैरकानूनी! समस्तीपुर स्टेशन पर नेहा के दो सूटकेस खुले तो चौंक गई पुलिस
ADVERTISEMENT


