Bihar Weather Update: बिहार में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है. सुबह और देर रात तापमान में गिरावट से लोगों को सर्दी महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से राहत मिल रही है. इस बीच सुबह के समय कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कई दिनों तक बिहार में मौसम शुष्क रहने वाला है. बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है. आइए जानते हैं 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक बिहार में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा.
ADVERTISEMENT
29 नवंबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में मौसम शुष्क रहेगा. वहीं, उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी बारिश के आसार नहीं हैं. इसी तरह उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में भी मौसम शुष्क रहेगा. इसके अलावा दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी बारिश का कोई अनुमान नहीं है. हालांकि, सुबह के समय राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग ने 29 नवंबर के लिए बिहार के किसी भी जिले में विशेष मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है.
अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है. इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. अगले दो दिनों के दौरान पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, सहरसा और रोहतास समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है. इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है. गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्णिया और गयाजी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया था. इन दोनों जगहों पर न्यूनतम दृश्यता 800 मीटर रही.
तापमान में कब आएगी गिरावट?
तापमान को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा. यानी फिलहाल तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है. हालांकि, 3 और 4 दिसंबर को दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बना रहेगा.
पश्चिमी विक्षोभ का बिहार पर क्या होगा असर?
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, बिहार में इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. इसके बावजूद दिसंबर की शुरुआत में दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में दिन के तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है. कुल मिलाकर बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह कोहरे और रात के गिरते तापमान के कारण ठंड का असर महसूस होगा, जबकि दिन में धूप से लोगों को राहत मिलती रहेगी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं कंचना यादव डॉक्टर बनना था, कैंसर रिसर्चर बनीं लेकिन फैमस हुईं बीजेपी प्रवक्ताओं से भिड़कर?
ADVERTISEMENT


