बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलते हुए दिखाई दे रहा है. एक ओर साल की शुरुआत जहां कनकनी वाली ठंड के साथ हुई थी, फिर फरवरी के अंतिम दिनों में गर्मी ने लोगों को परेशान किया, अब वहीं राज्य के कुछ हिस्सों में बरसात ने दस्तक दे दी है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक राज्य में 10 मार्च को मौसम सामान्य से थोड़ा गर्म और अधिकतर जगहों पर शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि राज्य के कुछ जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. आइए विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश नहीं हुई. मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान अपने चरम पर है क्योंकि बीते 24 घंटों में राज्य में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस से 34.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. सबसे अधिक तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस से 23.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस सबौर में रिकॉर्ड किया गया.
इसके अलावा पटना में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. गया में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री रहा, जबकि भागलपुर में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
10 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. उत्तर पश्चिम, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण मध्य बिहार के जिलों में पूरे दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है. वहीं उत्तर पूर्व बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार के कुछ जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक केवल छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है और अधिकांश स्थानों पर मौसम सूखा रहने की संभावना है. दिन के समय तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस हो सकती है.
किन जिलों में अलर्ट?
मौसम विभाग ने 10 मार्च के लिए दो जिले किशनगंज और अररिया में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है. इन जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आने वाले दिनों का मौसम
आने वाले पांच दिनों के दौरान बिहार में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान लगभग 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. 11 मार्च को उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 12 से 14 मार्च तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT

