बिहार में मानसून पूर्व गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और भी बदलने वाला है. 11 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है, जबकि दक्षिण बिहार के कई इलाकों में भी तेज हवा और बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
11 जून को कैसा रहेगा मौसम?
11 जून को बिहार के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. कई जगहों पर तेज हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की है.
इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में भारी बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, सारण और सिवान सहित उत्तर-पूर्व तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के कई हिस्सों में भी गरज-चमक और 50-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
तापमान में मिलेगी राहत
उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में 11 जून को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पश्चिम बिहार में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. 12 जून को बांका, भागलपुर और जमुई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 13 जून को गोपालगंज, सारण, सिवान और वैशाली में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.
शादी के बाद दुल्हन को ढूंढता रह गया दूल्हा, लेकिन वो तो... गया से सामने आई हैरान करने वाली कहानी!
ADVERTISEMENT


