Bihar Weather Today: मार्च आने के बाद से ही बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता हुआ दिखाई दे रहा है. अभी ही दिन के समय धूप ने लोगों को परेशानी कर शुरू कर दिया है, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अभी भी हल्की ठंडक की वजह से सुहावना बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने के कारण वहां का मौसम एकदम सामान्य बना हुआ है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक 14 मार्च को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन उसके बाद मौसम का तेवर बदल सकता है.
ADVERTISEMENT
बीते 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों की बात करें तो राज्य में मौसम का मिजाज काफी मिला-जुला देखने को मिला. कुछ जगहों पर बादल छाए रहे तो एक-दो इलाकों में बारिश भी देखने को मिली. लेकिन अधिकांश इलाकों में दिन के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी देखी गई, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की गई. वहीं राज्य में सबसे अधिकतम तापमान कैमूर और अररिया में 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि 15.9 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद सबसे ठंडा शहर बना. मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में फिलहाल कोई बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिला और अधिकतर जिलों में मौसम सामान्य बना रहा.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान आसमान सामान्य रूप से साफ या हल्के बादलों के साथ रह सकता है. तापमान की बात करें तो राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना रह सकता है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में बिहार के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को बिहार के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिले शामिल हैं.
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT


