बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज काफी सक्रिय रहा. राज्य के सिवान जिले में अत्यंत भारी बारिश, जबकि सारण और पूर्वी चंपारण के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा उत्तर-पूर्वी बिहार के अनेक स्थानों, दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. अब 15 अगस्त को भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं और उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य तथा दक्षिण-पश्चिम बिहार में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
ADVERTISEMENT
15 अगस्त को बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. उत्तर-पश्चिम बिहार में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर-मध्य बिहार में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. वहीं उत्तर-पूर्व बिहार में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं, जबकि दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है.
उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में 15 अगस्त को अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
दक्षिण बिहार की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में एक-दो स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
40 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, वज्रपात का अलर्ट
15 अगस्त को मौसम विभाग ने बिहार के उत्तर-पश्चिम हिस्से में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है. इसके अलावा उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी गरज-चमक और वज्रपात के साथ इतनी ही रफ्तार की तेज हवाएं चल सकती हैं.
15 अगस्त को कितना रहेगा तापमान?
तापमान की बात करें तो 15 अगस्त को बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. उत्तर-पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री, जबकि उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. दक्षिण-मध्य बिहार में भी अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री रह सकता है. दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान है.
बारिश का दौर जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में राज्य के अधिकतर हिस्सों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है, जबकि अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में भी कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है.
15 अगस्त के बाद भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. 16 अगस्त को भभुआ, बक्सर, गया, रोहतास और सिवान में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 17 अगस्त को औरंगाबाद, बांका, भभुआ, बक्सर, जमुई, कटिहार और रोहतास में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 18 अगस्त को बेगूसराय, जहानाबाद, खगड़िया, लखीसराय, नालंदा और शेखपुरा में भारी बारिश हो सकती है.
इसके बाद 19 अगस्त को दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 20 अगस्त को अररिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश का पूर्वानुमान दिया गया है.
बारिश और वज्रपात के दौरान रहें सावधान
मौसम विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खुले में रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द पक्के मकान में शरण लेने, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा विद्युत संचालित वस्तुओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. भारी बारिश की स्थिति में नदियों का जलस्तर बढ़ने और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है. अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है.
TRE-4 को लेकर युवक ने सीएम सम्राट को रोककर भीड़ में पूछ लिया सवाल, आश्वासन के बाद बढ़े आगे
ADVERTISEMENT


