Bihar Monsoon Update: बिहार के कई जिलों में झमाझम बारिश और गरज-चमक के साथ मानसूनी बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल पर मानसून ट्रफ इस समय पटना और बांकुरा से होकर गुजर रही है, वहीं उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है जो जल्द ही कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है. इस मजबूत मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक राज्य के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी और झमाझम मानसूनी बारिश होनी की संभावना है. इस बीच अब मौसम विभाग ने दैनिक बुलेटन जारी किया है. इसके अनुसार, 13 जुलाई को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 15 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 जुलाई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इनमें अररिया और किशनगंज जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी भाग के जिलों में बादल गरजने और बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जिले शामिल हैं.
आने वाले दिनों के मौसम का हाल
मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है. विभाग ने अपील की है कि मेघ गर्जन के समय लोग पक्के मकानों की शरण लें और बिजली के खंभों व पेड़ों से दूर रहें. आने वाले दिनों की बात करें तो 16 जुलाई को कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल जिलों में भारी बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है. इसके अलावा, 17 जुलाई को अररिया, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है. 18 से 20 जुलाई के दौरान भी राज्य के किशनगंज, सुपौल, अररिया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और सीतामढ़ी जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT


