Bihar Monsoon Update: बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तर-पश्चिम हिस्से को छोड़कर ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. प्रदेश के कई जिलाें में हुई इस झमाझम बारिश ने यहां का मौसम खुशनुमा बना दिया है. इस बीच अब मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है. IMD के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों में मानसून बिहार के और इलाकों में आगे बढ़ सकता है. इसके लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है. ऐसे में आने वाले दिनों में भी कई जिलों में बारिश होने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. इस बीच मौसम विभाग ने 15 जून के लिए प्रदेश के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 15 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 15 जून को भी बिहार के अलग-अलग जिलों में बारिश होने संभावना जताई गई है. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य हिस्सों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. इस खतरे को देखते हुए मौसम विभाग 15 जून के लिए प्रदेश के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
यहा देखें अलर्ट वाले जिलों के नाम?
माैसम विभाग ने जिन जिलों में अलर्ट जारी किया है उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर (भभुआ), रोहतास, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय जिलों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा, साइक्लोनिक एक्टिविटीज और कम दबाव के क्षेत्र के असर से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका बनी हुई है.
आने वाले दिनों में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों यानी 16 से 20 जून के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इस दौरान यहां तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. 16 जून की बात करें तो इस दिन भागलपुर, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं अररिया, बांका, जमुई, सहरसा और सुपौल सहित उत्तर-मध्य जिलों में भी तेज हवाएं चलेंगी. 17 से 20 जून के दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिम (पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण), उत्तर-मध्य (मुजफ्फरपुर, दरभंगा) और दक्षिण-पश्चिम व दक्षिण-मध्य (रोहतास, बक्सर, पटना, गया) के जिलों में कई स्थानों पर बादल गरजने, बिजली चमकने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान उत्तर-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT


