पिछले कुछ दिनों से बिहार में लगातार बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन इसके साथ ही बिजली गिरने और तेज हवा का खतरा भी बढ़ गया है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट दिया है जिसके मुताबिक 15 मई को मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. विस्तार से जानिए मौसम की पूरी रिपोर्ट.
ADVERTISEMENT
15 मई को कैसा रहेगा मौसम?
15 मई को बिहार के उत्तर-पूर्व जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा समेत कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और कई स्थानों पर अचानक बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा के कारण कमजोर ढांचे, टिन शेड और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
16 और 17 मई को और बढ़ सकता है असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 मई को बिहार के कई हिस्सों में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है. विशेष रूप से अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.
17 मई तक राज्य के उत्तर और उत्तर-पूर्व हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. हालांकि 18 मई के बाद मौसम में कुछ सुधार होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
दक्षिण बिहार में गर्मी का असर रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में गर्मी का असर अभी भी बना रहेगा. बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद और भभुआ जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं उत्तर बिहार और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में बारिश और बादलों की वजह से तापमान अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है. किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
ADVERTISEMENT


