बिहार में 22 अगस्त को मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में भी गरज-चमक और वज्रपात के साथ तेज हवा का पूर्वानुमान है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
ADVERTISEMENT
22 अगस्त को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
22 अगस्त को उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी एक-दो स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान है.
किन जिलों में अलर्ट?
22 अगस्त के लिए मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों के जिलों में मेघ गर्जन/वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की चेतावनी दी है. इसके साथ ही उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में भी गरज-चमक, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा का अनुमान है.
भारी बारिश के लिहाज से अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और पश्चिमी चंपारण को लेकर खास चेतावनी जारी की गई है. इन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश के दौरान नदियों के जलस्तर में वृद्धि और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
23 अगस्त को उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-मध्य बिहार के हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. इस दिन भभुआ, बक्सर, गोपालगंज, रोहतास और सीवान में भारी बारिश का अलर्ट है. 24 अगस्त को उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में गरज-चमक और तेज हवा के साथ समस्तीपुर, सुपौल, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय और नालंदा में भारी बारिश की संभावना है. 25 अगस्त को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 26 और 27 अगस्त को मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवा की संभावना बनी रहेगी.
विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. खुले में रहने की स्थिति में जल्द से जल्द किसी पक्के मकान की शरण लेने और ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों तथा विद्युत संचालक वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी गई है. भारी बारिश के दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनने की संभावना है. विभाग ने अचानक आने वाली बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने को भी कहा है.
ADVERTISEMENT


