Bihar 23 September Weather: बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तंत्र के असर से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है. इसी को देखते हुए 23 सितंबर को बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 23 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. राज्य के ज्यादातर जिलों में बिजली चमकने और वज्रपात के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, राज्य में तापमान की स्थिति की बात करें तो अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की गुंजाइश नहीं है. इस दौरान उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान लगभग 32 से 34°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पूर्व बिहार में यह 30 से 32°C तक रह सकता है. हालांकि, इसके बाद आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4°C तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
बिहार में 23 सितंबर को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 23 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों के लिए चेतावनी जारी की है. विशेष रूप से पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सिवान जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, राज्य के अधिकांश भागों में तेज हवा (40-50 किमी/घंटा की गति) और मेघ गर्जन/वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सलाह दी है कि वज्रपात से जान-माल के नुकसान की आशंका को देखते हुए सतर्क रहें. खराब मौसम के दौरान खुले में रहने से बचें, किसी पक्के मकान में शरण लें और ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के पास बिल्कुल न खड़े हों.
यह पढ़ें: कौन है नंदन यादव? जमुई कांड में नाम आने से लेकर एनकाउंटर तक, सामने आई आरोपी की पूरी कुंडली
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 और 25 सितंबर को बिहार में मानसून का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. 24 सितंबर को अररिया, किशनगंज, सुपौल और पश्चिमी चंपारण में अत्यधिक भारी वर्षा का अलर्ट है, जबकि पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी और सिवान में भारी बारिश होने की संभावना है. 25 सितंबर को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और पश्चिमी चंपारण जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है, वहीं सारण जिले में भी भारी बारिश का अनुमान है. इसके बाद 26 और 27 सितंबर को भी पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जैसे जिलों में भारी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिसके बाद 28 सितंबर से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: जमुई कांड पर प्रशांत किशोर का सरकार पर हमला, बोले- 'बिहार अपराध मुक्त नहीं, अपराध युक्त बनाया जा रहा'
ADVERTISEMENT


