Bihar Weather Update: बिहार में 25 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम? बारिश को लेकर मौसम विभाग ने बताई ये बात

सौरव कुमार

• 04:00 AM • 25 Jan 2026

Bihar Weather Update: बिहार में 25 जनवरी को मौसम सामान्य बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में धूप निकलने की संभावना है. फिलहाल बारिश के कोई खास आसार नहीं हैं, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 जनवरी के आसपास कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. जानिए तापमान और आने वाले दिनों का पूरा पूर्वानुमान.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update
Google CTA

बिहार में जनवरी के आखिरी हफ्ते में भी ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और रात के समय सिहरन महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अभी ठंड का असर बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य ही रहने वाला है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ की हलचल के चलते जनवरी के अंतिम दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जरूर बन सकती है. विभाग के मुताबिक 25 जनवरी को राज्य के अधिकांश जिलों में ठंड के साथ-साथ हल्का कोहरा भी लोगों को परेशान कर सकता है.

Read more!

पिछले 24 घंटों का मौसम कैसा रहा?

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह सामान्य रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. अधिकतम तापमान की बात करें तो राज्य में यह 23.8 डिग्री सेल्सियस से लेकर 28.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक तापमान कैमूर में 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान कटिहार में 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान में भी खास बदलाव नहीं देखा गया. राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर में रिकॉर्ड किया गया. कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी काफी कम रही.

25 जनवरी को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी को बिहार के सभी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. सुबह के समय उत्तर और मध्य बिहार के जिलों में हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. अधिकतम तापमान उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दक्षिण बिहार के जिलों में भी दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जिससे सुबह और रात में ठंड का अहसास जारी रहेगा.

यहां देखें जिलेवार तापमान

पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूवी चंपारण, गोपालगंज (उत्तर पश्चिम बिहार)

  • अधिकतम तापमान: 26-28 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 12-14 डिग्री सेल्सियस

सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर (उत्तर मध्य बिहार)

  • अधिकतम तापमान: 24-26 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 12-14 डिग्री सेल्सियस

सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार (उत्तर पूर्व बिहार)

  • अधिकतम तापमान: 24-26 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 10-12 डिग्री सेल्सियस

बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल (दक्षिण पश्चिम बिहार)

  • अधिकतम तापमान: 26-28 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 08-10 डिग्री सेल्सियस

पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद (दक्षिण मध्य बिहार)

  • अधिकतम तापमान: 24-26 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 12-14 डिग्री सेल्सियस

भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया (दक्षिण पूर्व बिहार)

  • अधिकतम तापमान: 26-28 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 10-12 डिग्री सेल्सियस

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

आगामी चार दिनों तक बिहार में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक 26 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका हल्का असर बिहार के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य हिस्सों में 28 जनवरी के आसपास देखने को मिल सकता है. इस दौरान इन इलाकों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम साफ ही रहेगा। तापमान में भी अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

यह खबर भी पढ़ें: RJD में 'ट्रांसफॉर्मेशन' की तैयारी: तेजस्वी यादव और सुधाकर सिंह की नई जोड़ी करेगी कमाल, प्रदेश अध्यक्ष की हो सकती है छुट्टी!