Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलते हुए दिखाई दे रहा है. मार्च के आखिरी दिनों में जहां एक तरफ तापमान बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी सिस्टम के असर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी बनने लगी है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है जिसके मुताबिक आज यानी 26 मार्च को राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन कुछ जिले ऐसे भी है जहां बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना भी है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?
बिहार में पिछले 24 घंटें के मौसम की बात करें तो यह ज्यादातर जगहों पर सामान्य रहा, लेकिन किशनगंज के एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. ठाकुरगंज में 18 मिमी तक बारिश हुई, जबकि पोठिया में हल्की बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया. इसके अलावा किशनगंज में 48 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं भी चलीं. तापमान की बात करें तो राज्य का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस कैमूर में रिकॉर्ड किया गया जबकि 16.1 डिग्री सेल्सियस के साथ जीरादेई सबसे ठंडा इलाका रहा
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सामान्य और आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा. दिन के समय गर्मी का असर थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन सुबह और रात के समय मौसम सुहावना बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान: 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा.
इसके अलावा आज यानी 26 मार्च को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण में एक या दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके अलावा सीतामढ़ी, मधुबनी और शिवहर के साथ-साथ सुपौल, अररिया और किशनगंज में भी एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने के संकेत हैं. हालांकि यहां जोरदार बारिश नहीं होगी.
आने वाले दिनों में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च से मौसम एक बार फिर एक्टिव हो सकता है. इस दिन राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और 50-60 किमी प्रति घंटा की तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. 28 मार्च को भी कई जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवा और बारिश का असर जारी रह सकता है. इसके बाद 29 से 31 मार्च के बीच मौसम फिर से सामान्य और शुष्क हो जाएगा.
ADVERTISEMENT


