बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है. दिन के समय अधिकांश इलाकों में काले बादल देखने को मिल रहे है, हालांकि जोरदार बारिश का दौर अभी शुरू नहीं हुआ है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक 28 मार्च को मौसम करवट ले रहा है. प्री-मानसून गतिविधियों के बीच पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और मेघगर्जन की स्थिति बनने जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहावना हो सकता है, लेकिन इसके साथ ही आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का खतरा भी बना रहेगा.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों का मौसम हाल?
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मौसम सामान्य बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. राज्य में अधिकतम तापमान 29.9 से 37.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 से 22.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई.
आज कैसा रहेगा मौसम?
28 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है. 28 मार्च के लिए अररिया, बांका, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज और सुपौल जिलों में तेज हवा (40-50 किमी/घंटा), मेघगर्जन और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा जमुई, खगड़िया, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया और सहरसा समेत उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. दिन के तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट और रात के तापमान में 1-4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है.
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 29 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है. 30 मार्च से 2 अप्रैल के बीच मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। वहीं तापमान में गिरावट के बाद अगले 3 दिनों में फिर से धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं.
बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ओलावृष्टि से जान-माल को नुकसान हो सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी मौसम सामान्य होने तक कृषि कार्य रोकने और फसलों की सुरक्षा करने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


