Bihar Weather Update: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है. बीते दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे यहां का मौसम सुहाना बना हुआ है. मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में भी बारिश का ये सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इस बीच अब माैसम विभाग ने 3 जुलाई 2026 के मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है. इसके अनुसार, कल बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए मौमस विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 3 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 जुलाई को बिहार के मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. राज्य के उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व भाग के जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य भागों में केवल एक या दो स्थानों पर ही छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इसके तहत इन जिलों में बादलों के गरजने के साथ ही बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
माैसम विभाग ने बिहार में 3 जुलाई को सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, शेखपुरा, लखीसराय, बक्सर, भोजपुर, अरवल, रोहतास और औरंगाबाद जिले में येलो अलर्ट जारी किया है.
मॉनसून की स्थिति क्या है?
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून देश के कई अन्य हिस्सों जैसे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तेजी से आगे बढ़ चुका है. इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है, जो अगले 2-3 दिनों में और मजबूत होगा.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
बिहार में आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और बढ़ने वाली है. मौसम चार्ट के अनुसार, 4 जुलाई को बांका और किशनगंज जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 5 जुलाई को मॉनसून और अधिक उग्र रूप ले सकता है, जिससे अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, कटिहार और किशनगंज जिलों में भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है. वहीं, 6 जुलाई को औरंगाबाद, बांका, भभुआ, जमुई, नवादा और रोहतास जैसे दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT


