Bihar Weather Update: 30 अगस्त को जमकर बरसेंगे बादल, बिहार के इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 07:49 PM • 29 Aug 2026

Bihar Weather Update: 30 अगस्त को बिहार में मानसून फिर सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा का अलर्ट जारी किया है. वहीं 7 जिलों में भारी बारिश की संभावना है. जानिए 30 अगस्त से 3 सितंबर तक बिहार के मौसम का पूरा अपडेट.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update
Google CTA

बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं, औरंगाबाद, बेगूसराय, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा और रोहतास में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है.

Read more!

30 अगस्त को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

30 अगस्त को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सुहावना रहने के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है. उत्तर-मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं, दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण-मध्य बिहार में पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में भी कई जगह बारिश की संभावना है. दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है.

साथ ही औरंगाबाद, बेगूसराय, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा और रोहतास में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम को लेकर विशेष सतर्क रहने की सलाह है.

40 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विभाग ने 30 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की संभावना जताई है. इसके अलावा उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

31 अगस्त को भी राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा की संभावना है. इस दिन औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, गया और रोहतास में भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

1 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम बिहार में गरज-चमक और तेज हवा की संभावना है, जबकि भभुआ और रोहतास में भारी बारिश हो सकती है. 2 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और वज्रपात की संभावना है. 3 सितंबर को उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में ऐसा मौसम बन सकता है.

बारिश के दौरान रहें सावधान

मौसम विभाग ने मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले में रहने की स्थिति में जल्द से जल्द पक्के मकान की शरण लेने, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. भारी बारिश के दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है. अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से भी दूर रहने की सलाह दी गई है.

MOTN Survey: अगर आज हुए लोकसभा चुनाव तो बिहार में कैसा होगा सियासी समीकरण? ताजा सर्वे में आंकड़े आए सामने