Bihar weather forecast 2026: बिहार में मौसम के तेवर अब तेजी से बदलने लगे हैं. एक तरफ जहां सूरज की तपिश लोगों को पसीने छुड़ाने लगी है, वहीं दूसरी ओर वातावरण में मौजूद विभिन्न मौसम प्रणालियों के कारण राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के विविध रूप देखने को मिल रहे हैं. पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादलों का आना-जाना लगा हुआ है, जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप के बीच थोड़ी राहत की उम्मीद भी है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 30 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अनुसार, आज यानी 30 मार्च 2026 को बिहार के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, और दक्षिण बिहार के जिलों जैसे पटना, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, और रोहतास में आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, मौसम विभाग ने आज के लिए किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन लोगों को आने वाले दिनों में होने वाले बदलावों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
वहीं तापमान की बात करें तो बिहार में अब गर्मी का असर बढ़ने लगा है और ठंड पूरी तरह से विदा हो चुकी है. अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है. आज का अधिकतम तापमान दक्षिण-पश्चिम बिहार (बक्सर, भोजपुर, रोहतास आदि) में सबसे अधिक 38-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में यह 30 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. न्यूनतम तापमान में अगले 3-4 दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, जो फिलहाल 20-24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
बिहार मे आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं. 31 मार्च को राज्य के अधिकांश भागों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघ गर्जन और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा, 31 मार्च को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों जैसे पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, और दरभंगा में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे 4 अप्रैल को पश्चिम चंपारण और रोहतास जैसे जिलों में फिर से छिटपुट वर्षा देखने को मिल सकती है.
ADVERTISEMENT


