Bihar Weather Update: बिहार में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! 5 सितंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट जारी

न्यूज तक डेस्क

• 07:24 PM • 04 Sep 2026

Bihar Weather Update: बिहार में 5 सितंबर को मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में गरज-चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. जानिए बिहार में 5 सितंबर से अगले कई दिनों तक कैसा रहेगा मौसम.

बिहार में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
बिहार में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
Google CTA

बिहार में 5 सितंबर को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं, अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं.

Read more!

5 सितंबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

5 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. इन इलाकों में हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. साथ ही पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है.

इन इलाकों में बारिश के आसार

5 सितंबर को उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं. दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके अलावा दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 सितंबर को उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में गरज-चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दिन मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना है.

7 सितंबर को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. इस दिन खगड़िया, कटिहार और पूर्णिया में भारी बारिश का अनुमान है. 8 सितंबर को भी कई हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है. इसके बाद 9 सितंबर को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व तथा 10 सितंबर को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

बारिश और आंधी को लेकर क्या सावधानी बरतें?

मौसम विभाग ने गरज-चमक, वज्रपात और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले में रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द पक्के मकान में शरण लेने और ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों तथा विद्युत संचालक वस्तुओं से दूर रहने को कहा गया है. भारी बारिश के दौरान नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव के साथ अचानक बाढ़ का खतरा भी हो सकता है.

निशु आजाद के पिता का वीडियो वायरल, स्वतंत्र भारद्वाज को दे रहे खुली चुनौती, पढ़ें पूरा मामला !