Bihar Weather Today: बिहार में गर्मी से बढ़ेगी परेशानी... 40 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, IMD ने बताया फिर कब होगी बारिश

Bihar weather update: बिहार में मौसम तेजी से करवट ले रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है. तेज शुष्क हवाएं हालात और मुश्किल बनाएंगी, हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.

Bihar weather update
Bihar weather update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह से बदलने लगा है. प्रदेश में अब सूरज की तपिश लोगों को परेशान करने लगी है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है. ऐसे में इससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है. IMD की माने तो राज्य के विभिन्न हिस्सों में शुष्क हवाओं का दौर शुरू हो चुका है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच सकता है. हलांकि, इसके बाद कुछ इलाकों में बारिश होने का भी अनुमान है.

Read more!

बिहार में 13 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 13 अप्रैल को बिहार के लगभग सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के किसी भी हिस्से में आज बारिश के कोई आसार नहीं हैं. हालांकि, दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों जैसे रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राज्य के अधिकांश जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन शुष्क मौसम के कारण धूप का प्रभाव काफी तेज रहेगा.

अगर तापमान की बात करें तो अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. आज 13 अप्रैल को पटना, गया और रोहतास जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 से  3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जाएगी. इससे रात के समय भी हल्की गर्मी का अहसास शुरू हो जाएगा. वर्तमान में ठंड की स्थिति पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और न्यूनतम तापमान भी 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. 

आने वाले दिनों बिहार के मौसम का हाल

आने वाले दिनों में गर्मी और भी भीषण होने वाली है. 14 से 17 अप्रैल के बीच बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. विशेष रूप से 18 अप्रैल को राज्य के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों, जिनमें पटना, गया, नालंदा और बक्सर जैसे जिले शामिल हैं, वहां एक या दो स्थानों पर गरम एवं शुष्क दिन रहने की संभावना जताई गई है. 17 अप्रैल को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है, लेकिन राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा.

यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार की लखेंद्र पासवान संग बंद कमरे में सीक्रेट मीटिंग...फिर अचानक CM रेस में शामिल हुआ उनका नाम, जानें क्या हुई बात

    follow google news