Bihar Monsoon Update: बिहार में मानसून की रफ्तार एक बार फिर जोर पकड़ रही है, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है . मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत होकर आगे बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर बिहार के मौसम पर देखने को मिल रहा है. ऐसे में यानी 6 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने (वज्रपात) की प्रबल आशंका है. अगर आप भी घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम विभाग की इस चेतावनी और अपने जिले का हाल जरूर जान लें.
ADVERTISEMENT
बिहार में 6 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 6 जुलाई को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बदलों के गर्जन के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने 6 जुलाई के लिए बिहार के कई जिलों में येलाे और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
विभाग के अनुसार, अरवल, औरंगाबाद, बांका, भभुआ, गया, जहानाबाद, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा, रोहतास और शेखपुरा जिलों में कई स्थानों पर बादल गरजने, बिजली के चमकने और 40-50 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं बिहार के उत्तर-पूर्व भाग के जिलों, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, मुंगेर एवं पटना जिलों में भी बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ 30 से 40 कि.मी. प्रति घंटेकी रफ्तार से हवा चल सकती है. वहीं औरंगाबाद, भभुआ और रोहतास जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के होनी संभावना है. इन जिलाें में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
बिहार में मानसून की स्थिति
बिहार में इस समय मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है . मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, औसत समुद्र तल पर स्थित मानसूनी द्रोणी इस समय दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और उत्तर ओडिशा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है . उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास बना यह डिप्रेशन अगले 24 घंटों में ओडिशा तट को पार करते हुए पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. इस मजबूत मानसूनी सिस्टम के कारण बिहार के वायुमंडल में पर्याप्त नमी आ रही है, जिससे राज्य के अधिकांश भागों में गरज-चमक के साथ मानसूनी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
मौसम विभाग ने आने वाले एक हफ्ते का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके मुताबिक बिहार में बारिश का यह दौर अभी रुकने वाला नहीं है . 7 जुलाई को उत्तर बिहार के अररिया, किशनगंज और सुपौल जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है . वहीं, 8 जुलाई को मानसून और ज्यादा उग्र हो सकता है, जिससे अररिया, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल जिलों में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा . आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों (जैसे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर आदि) में भी लगातार मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है, इसलिए किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


