Bihar Weather Update: बिहार के मौसम में बदलाव का सिलसिला शुरू हो गया है. यहां सुबह शाम की हल्की सिहरन के बीच अब दिन की धूप चिलचिलाने लगी है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार बिहार के ऊपर वर्तमान में कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन और जेट स्ट्रीम एक्टिव है, जिनका असर आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है. इस बदलते मिजाज के बीच लोगों को गर्मी का एहसास भी होने लगा है लेकिन पहाड़ों पर आने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले हफ्ते फिर से मौसम की करवट देखने को मिल सकती है. इसके लिए मौसम विभाग ने अर्लट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 7 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 7 मार्च को बिहार का मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा . राज्य के सभी संभागों, जिनमें उत्तर-पश्चिम (पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण आदि), उत्तर-मध्य (सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा), उत्तर-पूर्व (सुपौल, किशनगंज), और दक्षिण बिहार के सभी जिले शामिल हैं, वहां बारिश की कोई संभावना नहीं है. धूप निकलने के साथ ही आसमान साफ रहेगा. ऐसे में मौसम विभाग ने आज के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है.
वहीं अगर तापमान की बात करें तो ठंड अब विदाई की ओर है और पारा लगातार चढ़ रहा है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. आज राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. खासकर बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद जैसे दक्षिण-पश्चिम जिलों के साथ-साथ पटना और गया में तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 8 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 9 मार्च से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हलचल बढ़ेगी. 9 मार्च को मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में एक दो स्थानों पर मेघगर्जन, बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 10 और 11 मार्च को बारिश और मेघगर्जन का दायरा बढ़ेगा, जिसमें सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्णिया, कटिहार, गया, नवादा और रोहतास जैसे जिले भी शामिल हो सकते हैं.
ADVERTISEMENT

