बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है. मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक 2 जून से राज्य में मौसम तेजी से शुष्क होने लगेगा और अगले दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है. ऐसे में कई जिलों में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनने के संकेत हैं. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
2 जून को कैसा रहेगा मौसम?
2 जून को बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि बारिश थमने और धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी. लोगों को उमस और गर्मी का असर महसूस हो सकता है.
किन जिलों में क्या रहेगा हाल?
उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी जैसे उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में भी बारिश की संभावना नहीं है. यहां अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, अरवल और औरंगाबाद में गर्मी सबसे अधिक परेशान कर सकती है. इन जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 जून से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में और वृद्धि होगी. खासकर दक्षिण-पश्चिम बिहार में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 3 जून को दक्षिण-पश्चिम बिहार में और 4 जून को उत्तर-पश्चिम तथा दक्षिण-पश्चिम बिहार में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और आने वाली संभावित लू को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें. पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, लस्सी या अन्य तरल पदार्थ लेते रहें. हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और शरीर को हाइड्रेट रखें. आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के कारण हीट स्ट्रोक, चक्कर, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
BPSC TRE 4 का नोटिफिकेशन कब और कितनी आएगी वैकेंसी? शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का सबसे बड़ा खुलासा
ADVERTISEMENT


