Bihar Weather Update: बिहार में इन दिनों मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान जहां मधुबनी और सुपौल जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई, वहीं सारण, डेहरी, कैमूर और पटना जैसे जिलों में लू का प्रकोप जारी रहा. इस बीच अब मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है. इसके अनुसार बिहार के उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व एवं दक्षिण-पूर्व भाग में बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई है. ऐसे में मौसम विभाग ने 23 जून को लेकर बिहार के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
23 जून को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग ने 23 जून को राज्य के कई हिस्सों में सावधानी बरतने की अपील की है. इसमें उत्तर-मध्य बिहार, उत्तर-पूर्व बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं अगर अलर्ट वाले जिलों के नाम की बात करें तो इसमें मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया, भागलपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
जानें मानसून की ताजा स्थिति?
वहीं मानसून की बात करें तो बिहार समें दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. 22 जून को मानसून की उत्तरी सीमा गया और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है और यह राज्य के कुछ और हिस्सों में प्रवेश कर चुका है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के बिहार के बचे हुए हिस्सों और झारखंड में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बनी हुई हैं. इसके साथ ही एक मौसमी ट्रफ़ रेखा राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है, जो आने वाले दिनों में राज्य में अच्छी बारिश के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में बिहार के अलग अलग जिलों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है. 24 जून को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण) सहित उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व भागों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली कड़कने के आसार हैं. इसके बाद 25 जून को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसी तरह 25 जून को ही अररिया, बांका, भागलपुर, किशनगंज और सुपौल जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
ADVERTISEMENT


