Bankipur By Election BJP candidate Abhishek Kumar:: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अभिषेक कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है. नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर बीजेपी ने किसी बड़े चेहरे के बजाय एक जमीनी कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है. अब BJP के इस ऐलान के बाद से बांकीपुर की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है.
ADVERTISEMENT
जानें अभिषेक कुमार का सियासी सफर?
अभिषेक कुमार कायस्थ समाज से आते हैं. वे संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. अभिषेक वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के उपाध्यक्ष हैं. इससे पहले वह पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. संगठन में उन्होंने मंडल अध्यक्ष, मंडल मंत्री और महामंत्री जैसे कई पदों पर काम किया है, जिसके चलते उन्हें पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में गिना जाता है.
आरजेडी ने पहले ही चला है अपना दांव
बांकीपुर सीट पर राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर रेखा कुमारी गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारा है. पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने 46,363 वोट हासिल किए थे और दूसरे स्थान पर रही थीं. रेखा कुमारी गुप्ता वैश्य समाज की तेली जाति से आती हैं. ऐसे में इस सीट पर सामाजिक और जातीय समीकरण भी चुनावी चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं.
बांकीपुर में कब है चुनाव और आएंगे नतीजे?
इस उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है. कैंडिडेट 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. 16 जुलाई तक नाम वापस लेने की समय-सीमा तय की गई है. मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि 3 अगस्त को वोटों की काउंटिग कराई जाएगी.
त्रिकोणीय मुकाबले की ओर बढ़ी लड़ाई
बांकीपुर का चुनाव अब और दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है. जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर पहले ही मैदान में उतर चुके हैं. ऐसे में बीजेपी, आरजेडी और जन सुराज के बीच मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 3 अगस्त को बांकीपुर की जनता किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना फैसला सुनाती है.
यह भी पढ़ें: Bankipur upchunav: प्रशांत किशोर गठबंधन करेंगे या नहीं? PK ने कैमरे पर खुद बता दी अपनी पूरी रणनीति
ADVERTISEMENT


