बीजेपी को ओवर-कॉन्फिडेंस पड़ा भारी ! बांकीपुर में हार के बाद बिहार संगठन में होगा बड़ा बदलाव?

इन्द्र मोहन

• 01:52 PM • 06 Aug 2026

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत और बीजेपी की हार की हर जगह चर्चा है. लेकिन अंदरखाने ये सवाल उठ रहे हैं कि क्या बीजेपी को ओवर-कॉन्फिडेंस भारी पड़ गया? और क्या आने वाले समय में बिहार बीजेपी अपने संगठन में बड़ा बदलाव कर सकती है?

बीजेपी को ओवर-कॉन्फिडेंस पड़ा भारी !
तस्वीर- सोशल मीडिया
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

बांकीपुर हार के बाद बीजेपी के संगठन में होगा बदलाव?

point

50 विधायक प्रचार के मैदान से रहे नदारद- सूत्र

point

क्या बीजेपी का ओवर-कॉन्फिडेंस पड़ा भारी?

बिहार की राजनीति में 3 अगस्त 2026 की तारीख एक ऐसा मोड़ लेकर आई है. जिसकी पटकथा की कल्पना शायद बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने भी नहीं की थी. 30 सालों से बीजेपी का अभेद्य किला मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अपने गृह क्षेत्र और गढ़ में हुई इस शिकस्त ने पार्टी के भीतर और बाहर एक बड़ा राजनीतिक भूचाल ला दिया है. इस हार के बाद उठ रहे बड़े सवालों और पार्टी के अंदरूनी गलियारों से आ रही हलचलों के बीच जानिए इस हार के पीछे के वो अनदेखे पहलू, जिन पर अब मंथन शुरू हो चुका है:

Read more!

सूत्रों का बड़ा दावा- 50 विधायक प्रचार के मैदान से रहे नदारद

बांकीपुर चुनाव को बीजेपी ने केवल एक उपचुनाव मानकर छोड़ दिया, जो सबसे बड़ी रणनीतिक भूल साबित हुई. पार्टी सूत्रों की मानें तो एनडीए और बीजेपी के करीब 50 विधायक, जिन्हें चुनाव प्रचार की कमान संभालनी थी या जो पटना में ही मौजूद थे, वे धरातल पर उतरे ही नहीं. प्रदेश नेतृत्व यह मानकर बैठा रहा कि बांकीपुर में पार्टी का कैडर और पारंपरिक वोटर अपने आप पोलिंग बूथ तक पहुंच जाएगा. विधायकों और बड़े नेताओं की यह निष्क्रियता सीधे तौर पर प्रशांत किशोर के लिए फायदे का सौदा साबित हुई.

प्रशांत किशोर के सीधे हमलों पर साधी रखी 'चुप्पी'

पूरे चुनाव अभियान के दौरान प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व, बीजेपी के 'अहंकार', और विकास के अधूरे दावों को लेकर तीखे हमले किए. जन सुराज ने स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक पर बीजेपी को घेरा. इसके उलट, बीजेपी का शीर्ष और प्रांतीय नेतृत्व इन आरोपों का तथ्य-परक जवाब देने के बजाय बेफिक्र नजर आया. रणनीति यह थी कि PK को तरजीह न देकर नजरंदाज किया जाए, लेकिन जनता के बीच यह चुप्पी बीजेपी की कमजोरी और निरुत्तर होने का संकेत बन गई.

बीजेपी का ओवर-कॉन्फिडेंस पड़ा भारी

"हम कुत्ता-बिल्ली भी खड़ा कर देंगे तो जीत जाएंगे" जैसे कथित वायरल वीडियो, चुनाव के दौरान सोशल मीडिया और चर्चाओं में तैरते ऐसे ही बयानों और अति-आत्मविश्वास ने बांकीपुर के प्रबुद्ध और समृद्ध मतदाताओं के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई. 30 साल से लगातार जीत दर्ज करने के घमंड ने पार्टी को जमीनी हकीकत, जल-जमाव, ट्रैफिक, और स्थानीय असंतोष जैसे मुद्दों को देखने से अंधा कर दिया. दूसरी तरफ, प्रशांत किशोर ने इसी अति-आत्मविश्वास को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया.

क्या अब बिहार बीजेपी के संगठन में होगा बड़ा बदलाव?

बांकीपुर की हार सिर्फ एक सीट का जाना नहीं है, बल्कि यह बीजेपी की पूरी चुनावी और सांगठनिक प्रक्रिया पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की अपनी सीट हारने के बाद दिल्ली दरबार से लेकर पटना तक हड़कंप मचा हुआ है. सूत्रों का कहना है कि आलाकमान अब बिहार बीजेपी के वर्तमान सांगठनिक ढांचे को लेकर सख्त रुख अपनाने के मूड में है. प्रदेश संगठन में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है. निष्क्रिय पदाधिकारियों और जमीनी पकड़ खो चुके नेताओं की छुट्टी तय मानी जा रही है.

नए चेहरे और कड़ा फीडबैक सिस्टम

2029-30 के आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन की कमान ऐसे चेहरों को सौंपी जा सकती है जो कैडर को फिर से एकजुट कर सकें और अति-आत्मविश्वास की जगह जमीनी संवाद पर जोर दें. बीजेपी को अब यह समझ आ गया है कि प्रशांत किशोर को 'वोट कटवा' या 'गैर-गंभीर' मानकर नजरअंदाज करना आत्मघाती है. आने वाले दिनों में बीजेपी अपने काउंटर-अटैक की रणनीति में अमूल-चूल बदलाव करेगी. बांकीपुर के नतीजों ने बिहार की राजनीति में एक नए युग की आहट दे दी है. अब देखना यह होगा कि इस ऐतिहासिक हार के बाद बीजेपी अपने संगठन का मेकओवर कितनी जल्दी और कितना कड़ा करती है.