BJP MLA Ranjan Kumar Viral Video: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर सत्ताधारी दल के विधायक और एक स्थानीय युवक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट और सिर फोड़ने तक पहुंच गई. मुजफ्फरपुर के नगर विधायक रंजन कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई की. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने बिहार की राजनीति में उबाल ला दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा विवाद?
पूरा मामला मुजफ्फरपुर का है. यहां नगर विधायक रंजन कुमार ने अपने खिलाफ फेसबुक पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने नाराज हो गए. आरोप है कि इसके बाद विधायक 50 से 60 लोगों के साथ उनके खिलाफ पोस्ट लिखने वाले कनहौली निवासी मुकुंद कुमार के घर पहुंच गए. इसके बाद मौके पर जमकर बवाल हुआ. अब घटना के बाद दोनों तरफ से एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. वहीं विधायक का कहना है कि मुकुंद कुमार लगातार सोशल मीडिया पर उनके और उनके विधानसभा क्षेत्र की छवि खराब करने वाले पोस्ट लिख रहा था. विधायक के अनुसार, "कई बार समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और चरित्र हनन की कोशिश करता रहा."
विधायक और समर्थकों पर मारपीट का आरोप
वहीं, कहानी का दूसरा पक्ष बेहद डरावना है. पीड़ित युवक मुकुंद कुमार का दावा है कि वह सुबह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी विधायक रंजन कुमार करीब 50-60 समर्थकों के साथ वहां पहुंचे. मुकुंद के अनुसार, विधायक ने आते ही पूछा कि "मेरे खिलाफ क्या लिखते हो?" और इससे पहले कि वह कुछ सफाई दे पाता, समर्थकों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. मुकुंद का आरोप है कि इस हमले में उसका सिर फट गया, उसकी सोने की चेन छीन ली गई और मोबाइल भी तोड़ दिया गया. तस्वीरों में मुकुंद का सिर फटा हुआ साफ देखा जा सकता है.
सियासी बवाल और पुलिस की कार्रवाई
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. आरजेडी (RJD) ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए बीजेपी विधायक पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की है. दूसरी ओर, विधायक रंजन कुमार ने मारपीट के आरोपों को नकारते हुए इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया है. विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उन्हें AK-47 मामले का जिक्र करते हुए भून देने तक की धमकी दी.
फिलहाल, इस पूरे मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है. पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अब देखना यह होगा कि इस विवाद में दोषी कौन पाया जाता है, लेकिन फिलहाल बीजेपी विधायक की सोशल मीडिया पर काफी किरकिरी हो रही है.
ADVERTISEMENT


