बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की मैट्रिक की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं. परीक्षा के पहले ही दिन पटना के दानापुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. यहां एक छात्रा परीक्षा केंद्र पर महज कुछ मिनट की देरी से पहुंची, लेकिन बोर्ड के सख्त नियमों के कारण उसे अंदर प्रवेश नहीं दिया गया.
ADVERTISEMENT
'सर, आज भर कर दीजिए...'
पटना के दानापुर स्थित एक परीक्षा केंद्र के बाहर यह छात्रा घंटों रोती-बिलखती रही. वह वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर विनती करती रही कि उसे परीक्षा देने दी जाए. छात्रा बार-बार कह रही थी, 'सर, आज भर कर दीजिए... बहुत मेहनत की है, प्लीज सर.' लेकिन नियमों के आगे किसी की नहीं चली और छात्रा को बाहर ही रहना पड़ा.
सख्त नियमों की भेंट चढ़ी साल भर की मेहनत
बिहार बोर्ड ने इस बार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं. नियमों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से पहले ही गेट बंद कर दिए जाते हैं और देर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी कीमत पर प्रवेश नहीं दिया जाता. इस छात्रा के मामले में भी यही हुआ; समय सीमा समाप्त होते ही स्कूल का गेट बंद कर दिया गया, जिसके बाद छात्रा दहाड़ें मारकर रोने लगी.
प्रशासन का रुख:'देरी बर्दाश्त नहीं'
बोर्ड की ओर से स्पष्ट आदेश है कि कदाचार मुक्त और समयबद्ध परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी छात्रों को समय पर केंद्र पहुंचना होगा. पटना के केंद्रों पर सुबह से ही चेकिंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे. अधिकारियों का कहना है कि नियमों में ढील देने से अव्यवस्था फैल सकती है, हालांकि छात्रा की स्थिति देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया. इस घटना ने एक बार फिर बोर्ड के कड़े नियमों और छात्रों की मजबूरी के बीच बहस छेड़ दी है. छात्रा का साल बर्बाद होने की आशंका से परिजन भी काफी परेशान हैं.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: Jee Main Result: गया के शुभम को जेईई में मिला 100 पर्सेंटाइल, अब बता दिया अपना सक्सेस मंत्रा
ADVERTISEMENT

