हाजीपुर से चिराग पासवान का बड़ा सियासी शंखनाद, यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेगी LJP, पंजाब-उत्तराखंड में भी ठोकेंगे ताल

विकाश कुमार

• 05:22 PM • 18 Jul 2026

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने LJP के राष्ट्रीय विस्तार के तहत उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों सहित पंजाब और उत्तराखंड में भी चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान किया है.

चिराग पासवान
चिराग पासवान
Google CTA

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने चुनावी राजनीति में एक बड़ा दांव चल दिया है. बिहार और झारखंड के बाद अब वे हिंदी पट्टी के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश और सीमावर्ती राज्य पंजाब में अपनी पार्टी का झंडा बुलंद करने की तैयारी में हैं. हाजीपुर में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे चिराग ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी.

Read more!

पंडित से पासवान तक' का फॉर्मूला

यूपी में चुनाव लड़ने की रणनीति साझा करते हुए चिराग पासवान ने एक नया और दिलचस्प सियासी समीकरण पेश किया. उन्होंने कहा, "जब मैं उत्तर प्रदेश में पंडित से लेकर पासवान तक की बात करता हूं, तो इस दायरे में हर जाति, धर्म और वर्ग के लोग अपने आप शामिल हो जाते हैं." चिराग का यह बयान साफ संकेत देता है कि वे पार्टी को किसी एक वर्ग तक सीमित न रखकर समाज के हर तबके को साथ लेकर चलने की रणनीति पर काम कर रहे हैं.

यूपी के अलावा चिराग का अगला पड़ाव पंजाब है. उन्होंने बताया कि वे जल्द ही पंजाब के दौरे पर जा रहे हैं, जहां स्वर्ण मंदिर (हरिमंदिर साहिब) में मत्था टेकने के बाद पार्टी के चुनाव प्रचार का आधिकारिक आगाज किया जाएगा. सिर्फ यही नहीं, उत्तराखंड की राज्य इकाई ने भी चिराग को वहां चुनाव मैदान में उतरने का प्रस्ताव भेजा है, जिस पर पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है. नागालैंड में पहले से मौजूद विधायकों और झारखंड में बढ़ते जनाधार के बाद अब लोजपा (R) खुद को एक बड़े राष्ट्रीय विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश में है.

मौलाना के बयान पर तीखा पलटवार

कार्यक्रम के दौरान जब चिराग पासवान से उत्तर प्रदेश के मौलाना जर्जिस के हालिया बयान पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कड़ा रुख अपनाया. धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की वकालत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वे किस तरह की मानसिकता से ग्रसित हैं, लेकिन किसी की आस्था को ठेस पहुंचाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता."

चिराग ने जनता को आगाह करते हुए कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, समाज को बांटने वाली सोच और ऐसे भड़काऊ बयान और भी सामने आएंगे. उन्होंने अपील की कि लोग इन सब बातों पर ध्यान देने के बजाय साल 2047 तक 'विकसित भारत' के बड़े संकल्प से जुड़ें. चिराग के मुताबिक, देश तभी आगे बढ़ेगा जब बिहार, यूपी, पंजाब का हर गांव और हर जिला तरक्की करेगा.

पीएम मोदी का बिहार दौरा और निफ्टेम की सौगात

चिराग पासवान ने बिहार के विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे की जानकारी भी साझा की. उन्होंने बताया कि पीएम मोदी जल्द ही बिहार आ रहे हैं. इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री वैशाली में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) का शिलान्यास करेंगे, जो क्षेत्र के युवाओं और विकास के लिए एक बड़ा कदम साबित होगा.

ये भी पढ़ें: बिहार में कंटेंट क्रिएटर्स की बल्ले-बल्ले! Reel बनाकर जीत सकते हैं 3 लाख रुपये, जानें नियम और शर्तें